मुजफ्फरनगर लेखपाल परीक्षा पर बवाल : कमरे में मोबाइल लेकर पहुंचा पुलिसकर्मी? CCTV जांच के बाद आया बड़ा सच

मुजफ्फरनगर में लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान मोबाइल इस्तेमाल के आरोपों का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच की। दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में हुई जांच और CCTV फुटेज की पड़ताल में सभी आरोप बेबुनियाद पाए गए। कॉलेज प्रशासन ने संस्थान को बदनाम करने की साजिश बताते हुए पुलिस को शिकायत दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 May 2026, 5:41 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : उत्तर प्रदेश में आयोजित लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान मुजफ्फरनगर में वायरल हुए एक वीडियो ने गुरुवार को काफी हलचल मचा दी। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज में परीक्षा देने पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कमरा नंबर 23 में एक पुलिसकर्मी मोबाइल फोन लेकर परीक्षा देने पहुंचा था लेकिन उसे किसी ने रोका तक नहीं। देखते ही देखते इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसके बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया।

कॉलेज पहुंची जांच टीम

वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस, प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम कॉलेज पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान परीक्षा केंद्र के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। अधिकारियों ने परीक्षा के दौरान की पूरी गतिविधियों को बारीकी से देखा और कक्ष निरीक्षकों समेत संबंधित कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए।

जांच में सामने आया कि परीक्षा के दौरान किसी भी अभ्यर्थी या पुलिसकर्मी द्वारा मोबाइल फोन इस्तेमाल करने जैसी कोई घटना नहीं हुई थी। प्रशासन ने वायरल वीडियो में लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है।

कॉलेज प्रशासन ने दी पुलिस को शिकायत

मामले के बाद दीपचंद ग्रेन चैंबर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रभान ने नई मंडी पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि कुछ लोगों द्वारा कॉलेज की छवि खराब करने और बदनाम करने के उद्देश्य से झूठी अफवाह फैलाई गई है।

UP News: मुजफ्फरनगर में शादी के सात दिन बाद प्रेमी ने की थी हत्या, अब मिली उम्रकैद

प्रधानाचार्य ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियमों के तहत संपन्न हुई थी, लेकिन सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाकर संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।

एडीएम बोले

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एडीएम ई संजय सिंह ने बताया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा खत्म होने के बाद कुछ शरारती तत्वों ने मोबाइल इस्तेमाल और पकड़े जाने की अफवाह फैलाई थी। उन्होंने कहा कि सीओ मंडी राजू कुमार साहू की टीम ने दो घंटे की CCTV फुटेज की जांच की, जिसमें कोई संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली।

एडीएम ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर दोबारा जांच कराई गई और सभी संबंधित लोगों के बयान भी लिए गए। जांच में पूरा मामला पूरी तरह फर्जी और अफवाह साबित हुआ है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो फैलाने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  22 May 2026, 5:41 PM IST

Advertisement