
सलाखों के पीछे बंद आरोपी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: खजनी और सिकरीगंज इलाके में घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। खजनी पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी क्षेत्र ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के पास से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी बरामद हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दो आरोपी चोरी के जेवरात बेचने के लिए कहीं जा रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने सरया तिवारी अंडरपास से करीब 100 मीटर आगे हरनही रोड पर घेराबंदी कर दी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बबलू पुत्र वकील उर्फ श्रीलाल, निवासी सेमरऊ खानपुर, थाना हसवर, अंबेडकरनगर, हाल पता कुटिया, थाना सिकरीगंज और हरिकेश पुत्र कमलेश, निवासी एकमां, थाना कोतवाली खलीलाबाद, संतकबीरनगर के रूप में हुई है।
ये भी पढ़ें- Prayagraj News: हाईकोर्ट के पास टंकी पर चढ़ी महिला, DM से लेकर लेखपाल पर लगाए गंभीर आरोप, जनिए क्या था मामला ?
पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से आठ अंगूठी, दो नथिया, दो चेन, मंगलसूत्र का एक लॉकेट, दो जोड़ी झुमके, दो पायल और एक करधनी बरामद हुई। इसके अलावा उनके पास से 2430 रुपये नकद भी मिले। पुलिस का कहना है कि बरामद जेवरात को खजनी और सिकरीगंज थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं से जोड़कर जांच की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के बाद चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर भी जानकारी सामने आने की उम्मीद है।
इस कार्रवाई में पकड़ा गया बबलू पुलिस के लिए पहले से ही वांछित बताया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ खजनी थाने में वर्ष 2025 और 2026 के पांच मुकदमे, जबकि सिकरीगंज थाने में इसी अवधि के छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार इन मामलों में बीएनएस की धारा 305, 331(4) और 317(2) के तहत कार्रवाई की गई है। ऐसे में बबलू की गिरफ्तारी को पुलिस की जांच के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- ‘एक कचौड़ी दो समोसा, मर्द जात का क्या भरोसा’ का क्या है सही मतलब, दिल्ली की लड़कियों ने बताया पूरा सच
गिरफ्तारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के निर्देश पर की गई। क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक खजनी जयंत कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना खजनी पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम दक्षिणी क्षेत्र ने कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 2 October 2026, 7:59 PM IST