
चोरी की घटना की जांच करने पहुंची पुलिस (Img: Dynamite News)
Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में चोरों ने एक ही रात में दो बंद मकानों को निशाना बनाकर गांव में दहशत फैला दी। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के सरावल गांव में हुई इन वारदातों में एक मकान से 11 लाख रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात चोरी होने का दावा किया गया है।
वहीं, गांव के दूसरे बंद मकान में भी चोरों ने ताले तोड़कर चोरी की। सुबह जब मकान मालिक घर पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने कई टीमों को मैदान में उतारा है।
जानकारी के मुताबिक, सरावल गांव निवासी जयसिंह पुत्र पुन्नीलाल का परिवार 28 नवंबर की रात दूसरे मकान पर था। उनका घर बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने अलमारी को खंगाल डाला। पीड़ित जयसिंह के मुताबिक, अलमारी में रखे 11 लाख रुपये नकद, सोने की तीन जंजीर, तीन अंगूठियां और करीब आधा किलो चांदी के लच्छे चोरी कर लिए गए। रविवार सुबह करीब छह बजे जब वह अपने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और नकदी व जेवरात गायब थे।
ये भी पढ़ें- दो बिस्वा जमीन के लिए खूनी बना बेटा! मां-पिता को कार से कुचला; बहन जिंदगी-मौत से जूझ रही
चोरों ने इसी रात गांव के मोहरमपाल सिंह के बंद मकान को भी निशाना बनाया। बताया गया कि मोहरमपाल सिंह दिल्ली में रहते हैं और उनका मकान काफी समय से बंद था। चोरों ने यहां भी ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एक ही रात में दो घरों में चोरी की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बंद मकानों की रेकी की होगी।
चोरी की जांच करती पुलिस (Img: Dynamite News)
चोरी की सूचना मिलने पर पीड़ित ने डायल 112 पर फोन किया। इसके बाद पीआरवी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार, एसओजी प्रभारी दिनेश सिंह और गंजडुंडवारा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक चमन कुमार गोस्वामी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके अलावा डॉग स्क्वायड, फोरेंसिक और सर्विलांस टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीमों ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और चोरी के तरीके को समझने की कोशिश की।
इस मामले में एक दिलचस्प बात जांच के दौरान सामने आई। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, पुलिस को उसी अलमारी में कपड़े के बीच बंधे सवा लाख रुपये मिले हैं। इसके अलावा चांदी के सिक्के, पायल और सोने की हाय भी बरामद हुई हैं। पुलिस बरामद सामान और पीड़ित की ओर से चोरी गई बताई गई संपत्ति का मिलान कर रही है। जयसिंह ने 29 नवंबर को थाना सिढ़पुरा में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़ें- Bhadohi News: महिला आरक्षण पर बृज भूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, बोले- कमान से निकल चुका तीर
क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार ने बताया कि सरावल गांव में दो मकानों में चोरी की घटनाएं हुई हैं। इनके खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस, थाना सिढ़पुरा और गंजडुंडवारा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई है। पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। उधर, एक ही रात में दो घरों में चोरी होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने गांव में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Location : Kasganj
Published : 29 November 2026, 7:06 PM IST
Topics : House Robbery UP kasganj news Police Investigation Sarawal Village Theft Sidpura Crime News