कानपुर में नाबालिग से दरिंदगी का आरोप, मामा समेत 10 पर केस; डॉक्टरों की भूमिका भी जांच के घेरे में

कानपुर में नौवीं कक्षा की एक छात्रा से कथित यौन शोषण और जबरन गर्भपात का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपों के मुताबिक, पीड़िता ने अपने परिवार के कुछ लोगों को आपबीती बताने की कोशिश की, लेकिन उसे चुप करा दिया गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 October 2026, 2:16 PM IST

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नौवीं कक्षा की एक छात्रा के कथित यौन शोषण और जबरन गर्भपात का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों में छात्रा का मामा, मामी, नाना-नानी, मामा के दो दोस्त, एक रिश्तेदार और दो डॉक्टर शामिल हैं। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कन्नौज में ननिहाल में रहकर पढ़ती थी छात्रा

पीड़िता की मां ने रावतपुर थाने में दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बेटी कन्नौज स्थित ननिहाल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान उसके मामा ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर करीब छह महीने तक उसका कथित शारीरिक शोषण किया।

ये भी पढ़ें- Raebareli News: मां-बेटी की कार पर ईंट-पत्थरों से हमला, ‘मम्मा प्लीज बचा लो’ चिल्लाती रही बच्ची

आरोप है कि छात्रा ने इस बारे में अपने नाना-नानी और मामा-मामी को बताने की कोशिश की, लेकिन उसे डराकर चुप करा दिया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि गर्भवती होने के बाद भी उसके साथ शोषण जारी रहा और बाद में उसका गर्भपात करा दिया गया।

मां के सामने खुला मामला

बताया गया है कि इसके बाद छात्रा की नानी बीमारी का बहाना बनाकर उसे कानपुर के रावतपुर स्थित उसके घर छोड़ गईं। घर लौटने पर बेटी को गुमसुम देखकर मां ने उससे परेशानी की वजह पूछी। इसके बाद छात्रा ने अपनी मां को कथित घटनाओं के बारे में बताया।

बेटी की बात सुनने के बाद मां उसे लेकर रावतपुर थाने पहुंचीं और पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। इसमें नाबालिग से जुड़े यौन अपराधों की रोकथाम के लिए बनाए गए पॉक्सो कानून की धाराएं भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ के सुकमा में बड़ा हादसा, विस्फोटक नष्ट करने के दौरान हुए जोरदार धमाके में CRPF के 4 जवान घायल

डीसीपी बोले- जांच जारी

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है। 

Location :  Kanpur

Published :  9 October 2026, 2:16 PM IST