
रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे परिवार के लोग (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Kannauj: छिबरामऊ में बेखौफ हमलावर ने कानून के रखवाले अधिवक्ता को ही गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर रिटायर्ड दरोगा के 38 वर्षीय अधिवक्ता बेटे की सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिवाली की खरीदारी करने निकले अधिवक्ता का एक युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने उन पर एक के बाद एक चार गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने आरोपी के एनकाउंटर की मांग की है।
घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के ककराई मोहल्ले की है। यहां के निवासी अधिवक्ता अनुज कुमार चतुर्वेदी दिवाली की खरीदारी करने घर से निकले थे। इसी दौरान उनका अनमोल दीक्षित नाम के युवक से विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि थप्पड़ मारने और चुनावी रंजिश को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने अधिवक्ता पर सीधे चार फायर झोंक दिए। गोलियां लगते ही अनुज सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन आनन-फानन में लहूलुहान हालत में अनुज को छिबरामऊ के सौ शैया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाली से चंद कदम की दूरी पर हुई इस वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मौके पर पूछताछ करती पुलिस (सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
अधिवक्ता की हत्या से परिवार में मातम पसरा है। वह अपने पीछे पत्नी लक्ष्मी, मां सुमन और सात वर्षीय बेटी श्रद्धा को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा विधायक अर्चना पांडेय भी मौके पर पहुंचीं। मृतक को विधायक का करीबी और रिश्तेदार बताया जा रहा है। इस दौरान विधायक भी परिजनों के बीच भावुक होकर रोती नजर आईं।
सूचना मिलते ही एसपी विनोद कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।
Location : Kannauj
Published : 9 November 2026, 8:46 AM IST