हिंदी
ट्रक में मिले मवेशी (Img: Dynamite News)
Seraikela: सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत कमारगोड़ा हरि मंदिर के समीप देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने एक संदिग्ध मालवाहक वाहन को रोक लिया। टाटा एलपीटी वाहन की तलाशी लेने पर अंदर का दृश्य देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। वाहन में बड़ी संख्या में गायों को बेरहमी से रस्सियों से बांधकर ठूंस-ठूंस कर भरा गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई मवेशी भूख और प्यास से बदहाल थे। एक गाय की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि अन्य कई गंभीर हालत में पड़ी थीं। यह दृश्य देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो उठे और उन्होंने तत्काल रस्सियां काटकर जानवरों को बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि वहां मौजूद लोगों का गुस्सा पुलिस पर भी फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इलाके में लंबे समय से गो-तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है, लेकिन शिकायतों के बावजूद पुलिस प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर समय रहते कार्रवाई होती तो मवेशियों की ऐसी दर्दनाक हालत नहीं होती। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सवाल किया कि आखिर लगातार घटनाओं के बावजूद तस्करों के खिलाफ सख्त कदम क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों ने 1 मई की उस घटना का भी उल्लेख किया, जब एंटी-क्राइम अभियान के दौरान कपाली ओपी पुलिस ने एक लग्जरी वाहन से चार गायों को बरामद किया था। उस मामले में वाहन तो जब्त हुआ, लेकिन कथित तस्कर पुलिस की मौजूदगी में फरार हो गए थे।
इस घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल उठे थे। हाल ही में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने स्पष्ट कहा था कि जिले में गो-तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तमिलनाडु में ‘विजय’ युग का आगाज, आज शपथ लेंगे TVK प्रमुख; बहुमत परीक्षण 13 को
ताजा मामले के बाद ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। लोगों का आरोप है कि लगातार हो रही घटनाएं इस बात का संकेत हैं कि तस्करों के हौसले अब भी बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। बरामद मवेशियों का इलाज कराने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं पूरे घटनाक्रम के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और लोगों की नजरें अब पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।
Location : Seraikela
Published : 10 May 2026, 10:03 AM IST