Jharkhand Bikes Theft: चाईबासा और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो गिरफ्तार, 20 बाइक बरामद

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 20 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 2 June 2026, 5:17 PM IST
google-preferred

Jamshedpur: पश्चिमी सिंहभूम पुलिस और जमशेदपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 20 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों की अनुमानित कीमत 25 से 30 लाख रुपये बताई जा रही है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, 1 जून को पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि नोवामुंडी थाना क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के उद्देश्य से घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, किरीबुरु के नेतृत्व में नोवामुंडी, किरीबुरु और बड़ाजामदा थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस को मिली गुप्त सूचना

इसी दौरान यह जानकारी भी मिली कि सिदगोड़ा थाना, जमशेदपुर पुलिस भी मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में पहुंची हुई है। इसके बाद चाईबासा और जमशेदपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी की बाद हुई बरामदगी

छापेमारी के दौरान नोवामुंडी थाना क्षेत्र के डुकासाई से सोनू लोहरा उर्फ भोला (20 वर्ष), पिता राजेन्द्र लोहरा, निवासी बिरसानगर जोन नंबर-3, हरिमंदिर ब्लॉक-सी, थाना बिरसानगर, जिला पूर्वी सिंहभूम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर डुकासाई से पांच मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

पूछताछ के आधार पर दूसरे आरोपी राज पुरती (23 वर्ष), पिता चंद्र मोहन पुरती, निवासी टोटोंगढ़ा, थाना छोटानागरा, जिला पश्चिमी सिंहभूम को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर छोटानागरा थाना क्षेत्र के टोटोंगढ़ा गांव से नौ तथा किरीबुरु थाना क्षेत्र के टाटीबा बिरहोर टोला से छह मोटरसाइकिल बरामद की गईं।

पुलिस ने कुल 20 चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की हैं। इनमें होंडा एक्टिवा 3जी, बजाज पल्सर एनएस-200, हीरो सुपर स्प्लेंडर, यामाहा आर-15, यामाहा एफजेड, हीरो ग्लैमर समेत अन्य वाहन शामिल हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि चोरी की इन मोटरसाइकिलों का नेटवर्क किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Jharkhand

Published :  2 June 2026, 5:17 PM IST

Advertisement