चलते-चलते फटा टायर… पलभर में चकनाचूर हुआ डंपर! हाईवे पर आधे घंटे तक तड़पते रहे घायल, अब उठ रहे बड़े सवाल

जालौन के आटा-उकासा टोल प्लाजा के पास डंपर का टायर फटने से भीषण हादसा हो गया। केबिन पिचकने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकाला, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने एम्बुलेंस के करीब 30 मिनट देर से पहुंचने का आरोप लगाया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 29 July 2026, 2:20 PM IST

Jalaun: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आटा थाना क्षेत्र के आटा-उकासा टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डंपर का आगे का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के बाद डंपर अनियंत्रित हो गया और उसका अगला हिस्सा घूमकर पीछे की बॉडी से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का केबिन पूरी तरह पिचक गया और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से फंस गए।

टायर फटते ही मचा चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। आसपास मौजूद टोल प्लाजा कर्मी और ढाबों पर बैठे लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि डंपर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और उसमें सवार दोनों लोग बुरी तरह फंसे हुए थे।

स्थानीय लोगों ने बचाई दोनों घायलों की जान

ग्रामीणों और टोल कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे छोटू (34), निवासी भोगनीपुर और अरविंद्र (41), निवासी करूसा को बाहर निकाला। दोनों गंभीर रूप से घायल थे और उनके शरीर से लगातार खून बह रहा था। घटना की सूचना तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा, एनएचएआई और पुलिस को दी गई।

एम्बुलेंस की देरी पर उठे गंभीर सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब 30 मिनट तक एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान दोनों घायल हाईवे किनारे दर्द से तड़पते रहे। स्थानीय लोग लगातार राहत टीम का इंतजार करते रहे, लेकिन समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिलने से नाराजगी भी देखने को मिली।

बाद में आटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। एम्बुलेंस पहुंचने के बाद दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल भेजा गया।

भाई ने हड़प लिया मकान, जान से मारने की धमकी: मैनपुरी में अविवाहित युवक ने DM से मांगी न्याय की भीख

क्रेन से हटाया गया क्षतिग्रस्त डंपर

हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

बेटा रोता रहा, मां ने दबा दिया गला! हत्या के बाद प्रेमी से फोन पर बताती रही पूरी कहानी, कॉल डिटेल से खुला राज

आपातकालीन व्यवस्था पर फिर खड़े हुए सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि झांसी-कानपुर हाईवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन समय पर एम्बुलेंस सेवा का नहीं पहुंचना गंभीर चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था अधिक सक्रिय होती, तो घायलों को लंबे समय तक सड़क किनारे तड़पना नहीं पड़ता। इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे की आपातकालीन राहत व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Jalaun

Published :  29 July 2026, 2:20 PM IST