मैनपुरी में रिश्तों का कत्ल: सगे मामा ने 6 साल के भांजे को पटक-पटककर मार डाला, मासूम की मौत से कोहराम

मैनपुरी में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानियत दोनों को झकझोर कर रख दिया है। जिस मामा से एक छह साल के मासूम को प्यार और दुलार मिलना चाहिए था, उसी पर उसकी जान लेने का आरोप लगा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 November 2026, 2:46 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने रिश्तों और इंसानियत दोनों को झकझोर कर रख दिया है। जिस मामा से एक छह साल के मासूम को प्यार और दुलार मिलना चाहिए था, उसी पर उसकी जान लेने का आरोप लगा है। आरोप है कि मामूली बात पर मामा ने अपने ही भांजे को बेरहमी से पीटा, कमरे में बंद किया और फिर जमीन पर पटक-पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मैनपुरी की आसरा आवास कॉलोनी में हुई वारदात

पूरा मामला मैनपुरी के कोतवाली थाना क्षेत्र की आसरा आवास कॉलोनी का है। यहां शनिवार की देर शाम छह वर्षीय मासूम अफ्फान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जिस परिवार में बच्चे की हंसी-खुशी गूंजनी चाहिए थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

मैनपुरी में अखिलेश यादव ने BJP पर बोला बड़ा हमला! फोन टैपिंग से लेकर वोटर लिस्ट तक, कई मुद्दों पर खोली पोल

मां के सामने उजड़ गई दुनिया

बताया जा रहा है कि पिटाई के बाद मासूम अफ्फान की हालत लगातार बिगड़ने लगी। बच्चे की गंभीर स्थिति देखकर परिजन घबरा गए और उसे आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सैफई रेफर कर दिया।

मैनपुरी में रिश्तों का कत्ल (IMG: Dynamite News)

मामूली बात पर भड़का मामा

मृतक की मां का आरोप है कि उसके भाई बबलू ने मामूली बात को लेकर मासूम अफ्फान के साथ इतनी बेरहमी की कि उसकी जान चली गई। हालांकि, इस विवाद की असली वजह क्या थी और आखिर किस बात पर आरोपी ने बच्चे के साथ मारपीट की, इसे लेकर अभी सभी तथ्य सामने आना बाकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के हर पहलू की जांच कर रही है।

मैनपुरी में छेड़खानी का विरोध करना पड़ा भारी, घर में घुसकर दबंगों ने मचाया तांडव; तीन सगे भाइयों के सिर फोड़े

पुलिस ने आरोपी मामा को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मां की ओर से लगाए गए आरोपों के आधार पर आरोपी मामा बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया है।

पोस्टमार्टम से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल छह साल के मासूम अफ्फान की मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है।

Location :  Mainpuri

Published :  16 November 2026, 2:46 PM IST