गोरखपुर में हैवान बना पति, पत्नी पर फेंका खौलता पानी; हत्या के प्रयास में गिरफ्तार

गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर खौलता पानी फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 3 August 2026, 7:27 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद देखते ही देखते जानलेवा हमले में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में पति ने अपनी पत्नी पर खौलता हुआ पानी फेंक दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से झुलस गई। दर्द से तड़पती महिला ने किसी तरह पुलिस तक पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला सामने आते ही शाहपुर पुलिस हरकत में आई और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामले की जांच कर रही है।

घरेलू विवाद के दौरान हुआ जानलेवा हमला

पुलिस के मुताबिक घटना 2 अगस्त की है। शाहपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले रवि शर्मा और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रवि शर्मा ने पहले पत्नी के साथ गाली-गलौज की और फिर गुस्से में खौलता हुआ पानी उसके ऊपर फेंक दिया।

गोरखपुर में अधूरी सड़क बनी हादसे की वजह, स्कूल वाहन से भिड़ी बाइक, युवक गंभीर

हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज

पीड़िता की शिकायत के आधार पर शाहपुर थाने में आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ के पर्यवेक्षण में शाहपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी रवि शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि शर्मा पुत्र स्वर्गीय सुरेंद्र शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सहजनवा थाना क्षेत्र के पाली गांव का रहने वाला है।

कॉलेज से लौटी, कमरे में गई और हमेशा के लिए खामोश हो गई अर्पिता… गोरखपुर की इस घटना ने सबको झकझोर दिया

न्यायालय में पेश करने की तैयारी

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना शाहपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 369/2026 के तहत हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  3 August 2026, 7:27 PM IST