
एटा में रिश्तों का कत्ल! (IMG: Dynamite News)
Etah: उत्तर प्रदेश के एटा में प्लॉट बेचकर मिले 15 लाख रुपये को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, हीरा नगर में किराए के मकान में रहने वाले 36 वर्षीय उदयवीर की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने अपने बेटे, बेटी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को हजारा नहर में फेंकने का आरोप है। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, एक नामजद आरोपी और अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि बेटी बाल अपचारी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, उदयवीर मूल रूप से एटा के लालपुर कल्याणपुर गांव का रहने वाला था। वह अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ हीरा नगर में किराए पर रहता था। कुछ दिन पहले उदयवीर ने अपना एक प्लॉट करीब 15 लाख रुपये में बेचा था। पुलिस का दावा है कि प्लॉट से मिले पैसों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। बताया गया है कि 8 सितंबर की रात भी इसी रकम को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
उदयवीर के सात-आठ दिन तक गांव नहीं पहुंचने पर उसके भाई अजब सिंह को चिंता हुई। उसने उदयवीर की पत्नी से उसके बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के मुताबिक उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद अजब सिंह ने कोतवाली नगर पहुंचकर तहरीर दी और अपने भाई के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने हत्या समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाली नगर पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मृतक की पत्नी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। कोतवाली नगर प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ में पत्नी ने प्लॉट के पैसों को लेकर पति से विवाद होने और इसके बाद बेटे, बेटी व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अंशुल, मृतक की पत्नी, बाल अपचारी बेटी और विवेचना के दौरान प्रकाश में आए चरण सिंह निवासी जोगामई, थाना पिलुआ को पकड़ा गया है।
पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती उदयवीर के शव को बरामद करना है। पुलिस और संबंधित टीमों की ओर से हजारा नहर में शव की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Etah
Published : 17 September 2026, 8:33 PM IST