
प्रतीकात्मक छवि
South Delhi: दक्षिण दिल्ली में 21 वर्षीय छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और स्कूटर से धक्का देकर घसीटने का मामला सामने आया है। छात्रा का आरोप है कि घटना के बाद शिकायत के बावजूद कार्रवाई में देरी हुई। पुलिस ने अब मामला दर्ज कर CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
दक्षिण दिल्ली में एक छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और सड़क पर घसीटे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 11 सितंबर की रात पंचशील मेट्रो स्टेशन के पास दो बाइक सवार युवकों ने छात्रा का पीछा किया, उसके साथ फब्तियां कसीं और फिर उसे स्कूटर से धक्का दे दिया।
पीड़िता के मुताबिक, धक्का लगने के बाद वह करीब 100 से 150 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। हादसे में उसके हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। कई जगह त्वचा छिल गई और काफी खून बहा।
छात्रा ने बताया कि घटना के बाद दो स्कूटर सवार लोग उसकी मदद के लिए पहुंचे और उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले गए। उन्होंने छात्रा को बताया कि वे दोनों युवकों को उसका पीछा करते और परेशान करते हुए देख रहे थे।
घटना के अगले दिन 12 सितंबर को छात्रा के माता-पिता दिल्ली पहुंचे और उसे इलाज के लिए कानपुर ले गए। गंभीर चोटों के कारण छात्रा अभी भी बिस्तर पर है और उसका इलाज चल रहा है।
पीड़िता दक्षिण दिल्ली के एक डिजाइन संस्थान में चौथे वर्ष की छात्रा है और लाडो सराय स्थित एक कला फर्म में इंटर्नशिप कर रही थी।
उसके अनुसार, रात करीब 12 बजे जब वह पंचशील मेट्रो स्टेशन से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उसका पीछा करना शुरू किया। बचने की कोशिश के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसे धक्का दे दिया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गई।
छात्रा का आरोप है कि उसने 12 सितंबर को पुलिस को घटना की जानकारी दी थी, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 15 सितंबर को उसके दोस्तों ने वकील के माध्यम से हौज खास थाने में शिकायत दी।
छात्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे थाने आने को कहा, जबकि वह गंभीर चोटों के कारण चलने की स्थिति में नहीं थी। मंगलवार को पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
वहीं, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) परिसर में भी सोमवार देर रात एक छात्रा ने बाहरी युवकों पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि ताप्ती हॉस्टल के पास गाड़ी सवार दो युवकों ने छात्रा को गाड़ी में बैठने और शराब पीने का ऑफर दिया। छात्रा ने घटना की जानकारी सुरक्षा गार्ड को दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और जांच जारी है। आरोप है कि जिस वाहन से युवक परिसर में पहुंचे थे, उसकी एंट्री एक छात्र के नाम पर हुई थी।
Location : South Delhi
Published : 23 September 2026, 10:58 AM IST
Topics : Delhi Police FIR delhi crime news Panchsheel Metro Station incident South Delhi student harassment case student safety Delhi