हापुड़ में पुलिस वाले बने हैवान: युवक को थाने में थर्ड डिग्री देने वाले दोनों दरोगा लाइन हाजिर, हाथ तोड़ा और…

हापुड़ के सिंभावली थाने में युवक को हिरासत में लेकर थर्ड डिग्री देने का मामला सामने आया है। युवक ने हाथ तोड़ने और मुंह में पिस्टल डालने का आरोप लगाया। जांच के बाद एसपी ने दोनों दरोगाओं यशपाल और राहुल को लाइन हाजिर कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 May 2026, 12:55 PM IST

Hapur: हापुड़ जिले के सिंभावली थाना क्षेत्र में युवक को कमरे में ले जाकर थर्ड डिग्री देने के आरोप में पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले में कार्रवाई करते हुए एसपी ज्ञानंजय सिंह ने सिंभावली थाने में तैनात दो दरोगाओं यशपाल और राहुल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने युवक को हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटा और उसे मानसिक के साथ शारीरिक प्रताड़ना दी। मामले के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, सिंभावली के गांव माधापुर निवासी योगेंद्र ने 18 मई को एसपी से शिकायत की थी। उसने आरोप लगाया कि 17 मई को सिंभावली पुलिस उसे करीब एक महीने पुराने मारपीट के मामले में पकड़कर थाने ले गई। वहां उसे एक कमरे में बंद कर करीब दो घंटे तक थर्ड डिग्री दी गई। युवक का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की और उसके मुंह में पिस्टल तक डाल दी। योगेंद्र ने बताया कि पुलिस की पिटाई से उसके हाथ की हड्डी टूट गई। घटना के बाद उसने पुलिस अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई थी। मामला सामने आने के बाद इलाके में भी चर्चा का विषय बन गया।

Hapur Crime: ग्राम विकास अधिकारी का कारनामा, बुजुर्ग को कागजों में दिखाया मृत, मामला जान पकड़ लेगें माथा

पहले भी विवादों में रहा है मामला

दरअसल यह मामला पहले से ही चर्चाओं में रहा है। योगेंद्र ने बताया कि एक अप्रैल की रात उसका दोस्त प्रशांत गंगा स्नान के लिए जा रहा था, तभी सिखेड़ा क्षेत्र में उसका एक्सीडेंट हो गया। पुलिस ने घायल प्रशांत को अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां से उसे मेरठ रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में आरोप था कि पुलिस ने बिना सही शिनाख्त के प्रशांत का अंतिम संस्कार कर दिया था। उस समय सिंभावली थाने में तैनात दरोगा गोविंद सिंह और विकेश कुमार को निलंबित किया गया था। प्रशांत की मौत के बाद योगेंद्र और उसके परिजनों ने धरना-प्रदर्शन भी किया था।

जांच के बाद हुई कार्रवाई

युवक की शिकायत मिलने के बाद एसपी ने पूरे मामले की जांच सीओ स्तुति सिंह को सौंपी थी। जांच के दौरान थाने की सीसीटीवी फुटेज खंगाली गई और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसपी ने कार्रवाई करते हुए दोनों दरोगाओं को लाइन हाजिर कर दिया।

Hapur Viral Video: इलाके में दबंगों की दबंगई का कहर, महिला से की गई बेरहमी से मारपीट

एसपी ज्ञानंजय सिंह ने क्या कहा?

एसपी ज्ञानंजय सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Hapur

Published :  24 May 2026, 12:55 PM IST