हमीरपुर में ‘पत्रकारिता’ के नाम पर वसूली का खेल, स्कूल में MDM जांच के नाम पर फर्जी पत्रकारों का हंगामा

हमीरपुर के मौदहा स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील की जांच के नाम पर पहुंचे दो कथित पत्रकारों का वीडियो वायरल हो रहा है। विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि ये फर्जी पत्रकार सर्वे के नाम पर दबाव बनाकर अवैध वसूली का प्रयास करते हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 August 2026, 3:16 PM IST

Hamirpur: हमीरपुर के मौदहा विकासखंड के लदार गांव स्थित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब खुद को पत्रकार बताने वाले दो लोग मिड-डे मील (एमडीएम) की जांच के नाम पर विद्यालय पहुंच गए। विद्यालय स्टाफ ने दोनों को रोकते हुए पहचान और अधिकृत आदेश की जानकारी मांगी। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

विद्यालय प्रबंधन ने लगाया बड़ा आरोप 

वीडियो में कथित पत्रकार मो. दानिस और उसका साथी अमन हाशमी एमडीएम सर्वे और जांच का हवाला देते हुए दिखाई दे रहे हैं। वहीं विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि दोनों पहले भी विभिन्न विद्यालयों में जाकर पत्रकार होने का दावा करते हुए दबाव बनाते रहे हैं और पैसे मांगने की कोशिश करते हैं।

ये भी पढ़ें - Hamirpur: मौत को छूकर गुजरी गाड़ी, दुकान में जा घुसी बेकाबू बोलेरो, चमत्कारिक ढंग से बचे 8 लोग

शिकायत देकर कार्रवाई की मांग 

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ दिन पहले भी ऐसे ही मामलों से परेशान होकर शिक्षकों ने एसडीएम और सीओ को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि कुछ लोग पत्रकार का भेष धारण कर वास्तविक पत्रकारों की छवि धूमिल कर रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

फिलहाल इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में संबंधित अधिकारियों से शिकायत किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि 16 जुलाई को की गई शिकायत पर कोई कार्यवाही न होने से ऐसे फर्जी पत्रकारों के हौसले बुलंद हैं और इनकी कार्यशैली से पत्रकारों को छवि धूमिल हो रही है।

ये भी पढ़ें - Hamirpur: गले में जंजीर डालकर सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सरकार को दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच में क्या तथ्य सामने लाता है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल वीडियो और लगाए गए आरोप चर्चा का विषय बने हुए हैं।

Location :  Hamirpur

Published :  5 August 2026, 3:16 PM IST