STF टीम को बदमाशों ने बनाया निशाना: भोंडसी कट पर पुलिस की गाड़ी तोड़ी, 2 जवान घायल; CCTV खंगालने में जुटी पुलिस

गुरुग्राम में बदमाशों को पकड़ने के लिए लगाए गए नाके पर STF टीम पर ही हमला हो गया। 10 से 12 कार सवारों ने सरकारी गाड़ी में टक्कर मारने के बाद मारपीट और फायरिंग की, जिसके बाद अंधेरे में फरार हो गए।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 4 October 2026, 9:04 PM IST

Gurugram: सोहना एलिवेटेड हाईवे के भोंडसी कट पर शनिवार देर रात स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की सेंट्रल यूनिट की टीम पर कार सवार 10 से 12 लोगों ने कथित रूप से हमला कर दिया। आरोप है कि संदिग्धों ने पहले STF की सरकारी गाड़ी में टक्कर मारी, इसके बाद पुलिसकर्मियों से मारपीट की और फायरिंग कर मौके से फरार हो गए। घटना में दो जवान घायल हुए हैं। हालांकि, किसी पुलिसकर्मी को गोली लगने की सूचना नहीं है।

बदमाश की सूचना पर STF ने लगाया था नाका

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात STF को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध बदमाश गुरुग्राम की तरफ से सोहना एलिवेटेड हाईवे के रास्ते भोंडसी की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर एसआई राजकुमार के नेतृत्व में STF टीम ने रात करीब 12 बजे भोंडसी कट पर नाकेबंदी की।

यूपी STF के हत्थे चढ़ा Devil: SSC GD पेपर लीक में बड़ा खुलासा, हैकर गैंग ने बताए परीक्षा में धांधली के 4 खतरनाक तरीके

अलग-अलग कारों में पहुंचे 10 से 12 लोग

बताया गया कि रात करीब एक बजे अलग-अलग कारों में 10 से 12 युवक वहां पहुंचे। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर STF टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि इसके बाद वाहन चालकों ने कारों की रफ्तार बढ़ा दी और नाके पर खड़ी STF की सरकारी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।

पुलिसकर्मियों से मारपीट

आरोप है कि टक्कर के बाद सभी आरोपी अपनी कारों से उतरे और STF की सरकारी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की गई। इसी दौरान आरोपियों ने STF टीम पर फायरिंग भी की। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और किसी को गोली नहीं लगी।

STF ने भी की जवाबी फायरिंग

हमले के दौरान STF टीम ने भी जवाबी फायरिंग की। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर अपनी कारों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना में घायल दो जवानों को उपचार के लिए सोहना नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Saharanpur News: 30-40 हजार में खरीद, 1 लाख तक में बिक्री; अवैध हथियारों के खेल का STF ने किया भंडाफोड़

CCTV और तकनीकी सर्विलांस से तलाश

मामले में भोंडसी थाना पुलिस ने STF के एसआई राजकुमार की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमले में शामिल लोग कौन थे और क्या उनका संबंध उस बदमाश से था, जिसकी सूचना पर STF ने नाकेबंदी की थी। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

Location :  Gurugram

Published :  4 October 2026, 9:04 PM IST