गुरुग्राम के नाथूपुर इलाके में सरिया चोरी के शक में पांच नाबालिगों को बंधक बनाकर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोपियों ने बच्चों के साथ मारपीट की और गुप्तांगों पर पेट्रोल डालकर यातनाएं दीं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सरिया चोरी के शक में किशोरों को बनाया बंधक (Img: Google)
Gurugram: हरियाणा के गुरुग्राम से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। डीएलएफ फेज थ्री थाना क्षेत्र के नाथूपुर स्थित यू-ब्लॉक में सरिया चोरी के शक में पांच नाबालिग बच्चों को बंधक बनाकर उनके साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं। आरोपियों ने बच्चों को न सिर्फ बेरहमी से पीटा, बल्कि उनके गुप्तांगों पर पेट्रोल डालकर गर्म चम्मच से जलाने जैसी अमानवीय हरकतें कीं।
जानकारी के मुताबिक, इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग है, जहां से लोहे की रॉड चोरी होने का संदेह था। इसी शक के आधार पर कुछ स्थानीय लोगों ने पास में खेल रहे पांच किशोरों को पकड़ लिया। बिना किसी जांच या पुष्टि के बच्चों को दीपक नामक व्यक्ति के पीजी में ले जाकर बंद कर दिया गया और वहां उनके साथ घंटों तक मारपीट की गई।
बिहार के बेगूसराय की रहने वाली एक महिला, जो नाथूपुर में किराए पर रहती हैं और एक स्कूल में काम करती हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका 12 वर्षीय बेटा अचानक लापता हो गया था। तलाश के दौरान उन्हें पता चला कि कुछ बच्चों को एक पीजी में बंद रखा गया है। जब वह वहां पहुंचीं, तो अपने बेटे समेत पांच नाबालिगों को एक कमरे में बंधक हालत में पाया।
आरोप है कि वहां मौजूद लोगों ने महिला के साथ भी बदसलूकी की, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। काफी मिन्नतों के बाद बच्चों और महिला को छोड़ा गया।
घर लौटने के बाद बच्चों ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में थे। उन्होंने बच्चों को लाठियों से पीटा, पेट्रोल डालकर डराया और गर्म चम्मच से शरीर के संवेदनशील अंगों पर जलाया। बच्चों की हालत बेहद खराब थी और वे मानसिक रूप से भी डरे हुए थे।
अमेठी में सियासत गरमाई: बीएलओ के पति विवाद पर सपा का शक्ति प्रदर्शन, डीएम को ज्ञापन
महिला की शिकायत पर डीएलएफ फेज थ्री पुलिस ने हरेंद्र लोहिया, फिरोज खान, मोहम्मद जिमाउल, दीपक, प्रदीप और सचिन के खिलाफ मामला दर्ज किया। बुधवार को पुलिस ने नाथूपुर इलाके से हरेंद्र और फिरोज खान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्थानीय व्यवसाय से जुड़े हैं और कंस्ट्रक्शन साइट के पास अक्सर बैठते थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।