बरेली में देर रात गूंजी गोली, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। देर रात घर लौटते समय बदमाशों ने घेरकर कनपटी में गोली मार दी। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तलाश तेज कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 16 June 2026, 10:09 AM IST

Bareilly: बरेली में देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर इलाके में डीजे संचालक अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अर्जुन अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अर्जुन की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अधिकारी मौके पर पहुंचे।

घर लौटते वक्त हमलावरों ने बनाया निशाना

जानकारी के मुताबिक बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर में रहने वाला 21 वर्षीय अर्जुन मौर्य डीजे संचालन का काम करता था। रोज की तरह वह देर रात अपना काम खत्म करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह इलाके में पहुंचा, तभी कुछ लोगों ने उसे रोक लिया। अचानक हुए हमले से अर्जुन को संभलने का मौका नहीं मिला। हमलावरों ने उसके सिर के पास गोली मार दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

बरेली में हत्या, डकैती, गौकशी और रंगदारी के आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई, 12 शातिर अपराधियों की खोली हिस्ट्रीशीट,

चार लोगों पर हत्या का आरोप

परिजनों की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में चार लोगों को नामजद किया गया है। आरोप है कि मोहल्ले के ही एक युवक समेत चार लोगों ने मिलकर अर्जुन की हत्या की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह को लेकर पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। पुरानी रंजिश समेत अन्य कारणों को भी खंगाला जा रहा है।

मौके पर पहुंचे आईपीएस शिवम आशुतोष

घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्किल ऑफिसर थर्ड आईपीएस शिवम आशुतोष तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश देते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

फोरेंसिक टीम और एसओजी ने जुटाए सबूत

पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।

रायबरेली में हड़कंप: अटौरा में शव रखकर चौकी का घेराव, पुलिस के खिलाफ फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

राष्ट्रीय हिंदू महासभा से भी जुड़ा था अर्जुन

मृतक अर्जुन मौर्य डीजे संचालन के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय था। वह राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) से भी जुड़ा हुआ था और संगठन में पदाधिकारी के तौर पर काम कर रहा था। उसकी मौत की खबर फैलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आए।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार टूटा

अर्जुन अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Location :  Bareilly

Published :  16 June 2026, 10:09 AM IST