Site icon Hindi Dynamite News

ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या मामला: आठ साल की शादी का हुआ खौफनाक अंत, बेटा बना गवाह

ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज के लिए प्रताड़ित 26 वर्षीय महिला निक्की को उसके पति और ससुराल वालों ने आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। निक्की और उसकी बहन कंचन की शादी 2016 में एक ही घर के दो भाइयों से हुई थी।
Post Published By: Asmita Patel
Published:
ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या मामला: आठ साल की शादी का हुआ खौफनाक अंत, बेटा बना गवाह

Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 26 वर्षीय महिला निक्की की कथित तौर पर दहेज के लिए ससुराल वालों ने हत्या कर दी। शादी के आठ साल बाद पति और ससुराल वालों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के बाद निक्की को ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से घायल निक्की को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस मामले में पति विपिन को हिरासत में लिया गया है जबकि अन्य आरोपी फरार हैं। पीड़िता की बहन कंचन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ना

निक्की और उसकी बहन कंचन की शादी 2016 में एक ही घर के दो भाइयों से हुई थी। निक्की का विवाह विपिन से और कंचन का रोहित से हुआ। शादी के समय परिवार ने ससुराल को गिफ्ट में स्कॉर्पियो कार समेत कई कीमती सामान दिए थे। इसके बावजूद ससुराल वालों ने लगभग 35 लाख रुपये की मांग जारी रखी। बाद में एक और कार दी गई पर दहेज की मांगें खत्म नहीं हुईं। कंचन ने बताया कि निक्की को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। जब कंचन बीच-बचाव करती तो उसे भी पीटा जाता था। कभी-कभी यह सब उनके बच्चों के सामने होता था। निक्की के पति विपिन बेरोजगार और शराब के आदी थे। अक्सर विपिन निक्की से मारपीट करता और ससुराल के बाकी लोग इसका समर्थन करते थे।

पंचायत में उठाया गया था मामला

निक्की और विपिन के झगड़े कई बार स्थानीय पंचायत में भी उठाए गए। इसके बावजूद निक्की पर अत्याचार रुकने का नाम नहीं लिया। कंचन का आरोप है कि 21 अगस्त को विपिन ने दोनों बहनों से मारपीट की। इस दौरान विपिन ने निक्की की गर्दन पर वार किया जिससे वह गिर पड़ी। फिर उस पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई।

घटना का भयावह वीडियो और अस्पताल में मौत

इस दर्दनाक घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें निक्की को उसके पति और सास पीटते और बाल पकड़कर घसीटते दिखाया गया है। पड़ोसियों और निक्की की बहन ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। फोर्टिस अस्पताल में इलाज के बाद उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में ही निक्की की मौत हो गई।

पति को एनकाउंटर में लगी गोली

पुलिस ने आरोपी पति विपिन को हिरासत में लिया था, लेकिन वह भागने की कोशिश करने में पुलिस ने एनकाउंटर में पैर में गोली मारी। जिससे वह घायल हो गया। सास, ससुर और देवर अभी फरार हैं। पुलिस ने हत्या, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने और आपराधिक षडयंत्र के तहत मामला दर्ज किया है। दहेज उत्पीड़न के आरोप FIR में अभी जोड़े जाने बाकी हैं। एडिशनल डीसीपी सुधीर कुमार ने बताया कि कई टीमें फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए काम कर रही हैं।

बच्चे का बयान

निक्की का 6 वर्षीय बेटा, जो घटना का गवाह है, मीडिया से बातचीत में बोला कि पापा ने मम्मी पर कुछ छिड़का, फिर चांटा मारा और लाइटर से जला दिया। यह बयान घटना की भयावहता को और गहरा करता है। निक्की एक मेकओवर आर्टिस्ट थीं और उनके इंस्टाग्राम पर करीब 45 हजार फॉलोअर्स थे।

Exit mobile version