Gorakhpur Crime: चीखता रहा दो साल का मासूम, मां के साथ चलती कार में होती रही गंदी हरकत

गोरखपुर में चलती कार में महिला से दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि विरोध करने पर महिला और उसके दो साल के बेटे को जौनपुर में चलती कार से फेंक दिया गया। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, उसकी महिला साथी की तलाश जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 22 August 2026, 4:08 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक महिला के साथ चलती कार में दुष्कर्म की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को उसके दो वर्षीय मासूम बेटे के सामने कार में दुष्कर्म की कोशिश का सामना करना पड़ा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में महिला व उसके बच्चे को चलती कार से जौनपुर में नीचे फेंक दिया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि उसकी महिला साथी की तलाश जारी है।

मदद के नाम पर हाईकोर्ट ले जाने की बात

पीड़िता देवरिया की रहने वाली है और उसने अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसी मामले में भरण-पोषण से जुड़ी कार्रवाई के लिए वह गोरखपुर दीवानी कचहरी आती-जाती थी। इसी दौरान उसकी पहचान गीडा सेक्टर पांच में रहने वाली एक महिला से हुई। पीड़िता के मुताबिक, बाद में वह महिला के घर घरेलू काम करने लगी।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अगस्त को उसकी परिचित महिला ने मदद करने की बात कहते हुए उसे अपने एक दोस्त के साथ हाईकोर्ट ले जाने की बात कही। इसके बाद वह अपने दो वर्षीय बेटे को लेकर कार में बैठ गई।

Divya Mishra Murder: आर्थिक रुप से संपन्न, ऊंचे पदों पर तैनाती; क्यों बिगड़े दिव्या और मानस के रिश्ते? Whatsapp Chat ने खोला रहस्य

रास्ते में बीयर खरीदकर पीने का आरोप

आरोप है कि प्रयागराज से लौटते समय कार में मौजूद शख्स और उसके साथ गई महिला ने रास्ते में बीयर खरीदी और कार में बैठकर पी। पीड़िता का आरोप है कि उसे भी शराब पिलाने की कोशिश की गई, लेकिन उसने इनकार कर दिया।

इसके बाद आरोप है कि कार में मौजूद व्यक्ति ने पीड़िता के मासूम बेटे के सामने उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई।

विरोध किया तो मां-बेटे को चलती कार से फेंका

पीड़िता के मुताबिक, आरोपी और उसकी महिला साथी ने उसे और उसके दो वर्षीय बेटे को जौनपुर में चलती कार से नीचे फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। आरोप है कि कार से उतरने के बाद मुख्य आरोपी ने ईंट से हमला कर महिला को घायल किया और उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया।

घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच के लिए प्रयागराज और जौनपुर तक जाकर साक्ष्य जुटाए।

Gorakhpur: गोरखपुर के विकास खंडों में बदले गये BDO के प्रभार, डीएम के आदेश ने सभी को चौंकाया

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, महिला साथी की तलाश

पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, घटना में मुख्य आरोपी का साथ देने की आरोपी महिला अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और दावा किया गया है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पीड़िता के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 August 2026, 4:08 PM IST