
महिला की मौत से मचा हड़कंप (Img: Google)
Gorakhpur: गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के चिलवा गांव में एक मामूली घरेलू विवाद के बाद 40 वर्षीय महिला की मौत हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक और चर्चा का माहौल है। घटना गुरुवार देर शाम की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार पति-पत्नी के बीच मछली बनाने की बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार चिलवा गांव निवासी रेनू देवी (40) पत्नी पप्पू अपने परिवार के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि गुरुवार की रात किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। परिजनों का कहना है कि विवाद के कुछ समय बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। परिवार के लोग आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बलरामपुर में जंगल से निकला तेंदुआ गांव में घुसा, तीन घंटे चला खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन
परिजन महिला को बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने काफी प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक की लहर है।
मृतका की शादी लगभग 20 वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में उनकी 18 वर्षीय बेटी प्रीति और 15 वर्षीय बेटा अमन हैं। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों सहित पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार परिवार सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा था और किसी ने भी ऐसी घटना की कल्पना नहीं की थी।
घटना की सूचना मिलने पर गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
बदायूं में टैंक की सफाई के दौरान हादसा, 2 सगे भाइयों की मौत, 1 की हालत गंभीर
इस मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक सी.पी. पांडेय ने बताया कि महिला की मौत के मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने चिलवा गांव समेत पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
Location : Gorakhpur
Published : 5 June 2026, 12:41 PM IST