बदायूं में टैंक की सफाई के दौरान हादसा, 2 सगे भाइयों की मौत, 1 की हालत गंभीर

बदायूं की एक मैंथा फैक्ट्री में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। टैंक की सफाई के दौरान तीन सगे भाइयों के साथ ऐसा क्या हुआ कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा? दो भाइयों की मौत हो चुकी है, जबकि तीसरा जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 June 2026, 11:29 AM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में स्थित एक मैंथा फैक्ट्री में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। फैक्ट्री के टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के रिसाव से तीन सगे भाई बेहोश होकर गिर पड़े। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और फैक्ट्री कर्मियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए तीनों को टैंक से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

जानकारी के अनुसार सुरेनी पापड़ी गांव निवासी पट्टू के चार बेटों में से जयवीर (35 वर्ष), मनवीर (27 वर्ष) और राजेश (22 वर्ष) फैक्ट्री में टैंक की सफाई का काम कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही तीनों टैंक के भीतर उतरे, कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

पंचायत चुनाव की कहानी क्यों अटक गई? हाईकोर्ट की टिप्पणी ने खोला बड़ा मुद्दा

तीनों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जयवीर और राजेश को चंदौसी रेफर किया गया, जबकि मनवीर को मुरादाबाद भेजा गया। चंदौसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जयवीर और राजेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनवीर का इलाज मुरादाबाद के अस्पताल में जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

गांव में पसरा मातम

एक ही परिवार के दो जवान बेटों की मौत की खबर मिलते ही सुरेनी पापड़ी गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

अलीगढ़: प्रेम संबंध से दूरी बनाना युवक को पड़ा भारी, महिला की शिकायत पर हुई बड़ी कार्रवाई

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और फैक्ट्री का निरीक्षण किया। प्रारंभिक स्तर पर टैंक के अंदर जहरीली गैस जमा होने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। अब जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे के पीछे लापरवाही थी या कोई अन्य कारण।

Location :  Budaun

Published :  5 June 2026, 11:29 AM IST

Advertisement