गोरखपुर: बारात की खुशियां मातम में बदलीं, मामूली विवाद में हुआ ये बड़ा कांड

सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पढिए पूरी खबर

Updated : 11 February 2026, 3:38 PM IST

गोरखपुर: सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें 19 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

क्या है पूरी खबर?

मृतक की पहचान मुनीब चौहान (19) पुत्र रामभवन चौहान, निवासी चिरैयाडांड थाना गीडा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मुनीब प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह सिकरीगंज क्षेत्र के हरिजनपुरवा गांव में एक परिचित की बारात में शामिल होने आया था। परिवार को उम्मीद थी कि पढ़ाई पूरी कर वह घर का सहारा बनेगा, लेकिन एक पल में सब कुछ बदल गया।

 दो पक्षों के बीच कहासुनी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शादी समारोह में नाच-गाने के दौरान दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। शुरुआत में मामला सामान्य विवाद जैसा लगा, लेकिन देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि कुछ युवकों ने मुनीब को घेर लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। गंभीर चोटें लगने के कारण वह मौके पर ही बेहोश हो गया।

 परिवार में कोहराम

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने प्रयास किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बुधवार को परिजन शव लेकर सिकरीगंज पहुंचे, जहां माहौल गमगीन हो गया। परिवार में कोहराम मचा है और गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
सूचना मिलते ही

तीन संदिग्धों हिरासत में

सिकरीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की धाराएं स्पष्ट की जाएंगी।

घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। एक साधारण विवाद का इतना भयावह परिणाम सामने आने से लोग सहमे हुए हैं। परिवार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

 

Location : 
  • गोरखपुर

Published : 
  • 11 February 2026, 3:38 PM IST