
परिजनों से बातचीत करते अधिकारी (Img: Dynamite News)
Gorakhpur: 12 वर्षीय वैभव वर्मा की हत्या के खुलासे के बाद मंगलवार को खजनी कस्बे में भारी जनाक्रोश देखने को मिला। जैसे ही तहखाने से बालक का शव बरामद होने की सूचना फैली, हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और व्यापारी सड़कों पर उतर आए। आक्रोशित लोगों ने आरोपी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई, मकान पर बुलडोजर चलाने और कड़ी सजा की मांग करते हुए गोरखपुर-खजनी मार्ग पर जाम लगा दिया। इस बीच करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ स्वयं खजनी थाना पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने पीड़ित परिवार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ बातचीत कर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष, त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी और दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें- वैभव हत्याकांड में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी सर्वेश भट्ट का पैतृक मकान सील, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
बातचीत के दौरान एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी लेखपाल भर्ती परीक्षा में जेल जा चुका है और वह एक शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है। उन्होंने कहा कि आरोपी लंबे समय से समाज के बीच रह रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार उसने पहले मासूम वैभव को अपने कब्जे में लिया और जब उसे लगा कि बालक शोर मचा सकता है, तो उसकी हत्या कर दी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी की गहन जांच कर रही है।
दूसरी तरफ, परिजन लगातार अधिकारियों से आमने-सामने बातचीत की मांग कर रहे थे। इसके बाद डीएम और एसएसपी ने पीड़ित परिवार को संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में बुलाकर विस्तार से बातचीत की और हर स्तर पर न्याय दिलाने का भरोसा दिया। जिलाधिकारी दीपक मीणा लगभग एक घंटे तक खजनी में मौजूद रहे। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि आरोपी के मकान को सील करने सहित विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की सभी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन और लगातार बातचीत के बाद लोगों का आक्रोश कुछ शांत हुआ और जाम समाप्त कराया गया। फिलहाल पूरे कस्बे में भारी पुलिस बल तैनात है और माहौल पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।
Location : Gorakhpur
Published : 28 July 2026, 7:28 PM IST