16 दिन बाद खुला सड़क हादसे का राज! बाइक सवार की मौत के मामले में दर्ज हुआ मुकदमा

गोरखपुर के गोला क्षेत्र में 11 मई को हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के 16 दिन बाद पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 May 2026, 8:37 AM IST

Gorakhpur : गोरखपुर के गोला उपनगर स्थित बेवरी चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के करीब 16 दिन बाद पीड़िता की तहरीर पर गोला पुलिस ने आरोपी वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

मुंडन कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार गगहा थाना क्षेत्र के लोहरापार गांव निवासी सुशीला देवी अपने पति ओमप्रकाश के साथ 11 मई की शाम रिश्तेदारी में आयोजित मुंडन कार्यक्रम से बाइक पर घर लौट रही थीं। दोनों बाइक संख्या UP53CC2082 से वापस आ रहे थे। तभी बेवरी चौराहे पर स्थित सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी के पास पीछे से आ रहे वाहन संख्या UP53FQ9920 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

गंभीर रूप से घायल हुए ओमप्रकाश

हादसे में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी सुशीला देवी को मामूली चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को अस्पताल पहुंचाया। पहले उन्हें बड़हलगंज के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने गोरखपुर रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान हुई मौत

परिजनों के अनुसार ओमप्रकाश का इलाज पहले वेदांत हॉस्पिटल और बाद में न्यू गोरखपुर मेडिसिटी हॉस्पिटल में चला। इलाज के दौरान 13 मई को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मोबाइल फोटो बनी जांच का आधार

प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे के तुरंत बाद आरोपी वाहन का नंबर नोट कर लिया था। कुछ लोगों ने वाहन की तस्वीर मोबाइल से भी खींच ली थी। इसी आधार पर पुलिस तक पूरी जानकारी पहुंची और मामले में कार्रवाई शुरू हुई।

यूपी में मौसम का डबल अटैक, बांदा में झुलसाती गर्मी और पूर्वांचल में तूफानी बारिश ने लोगों को चौंकाया

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पीड़िता सुशीला देवी की तहरीर पर गोला पुलिस ने बीएनएस 2023 की धारा 106, 125(ए), 125(बी) और 281 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक Prahlad Singh ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 May 2026, 8:37 AM IST