
मृतका का आरोपी पति गिरफ्तार (फोटो : डाइनामाइट न्यूज)
Gorakhpur: गोरखपुर गोला थाना क्षेत्र के चिलवा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया। करीब डेढ़ महीने पहले हुई इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी पति को दबोच लिया, जिसके बाद मामले में विधिक कार्रवाई तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र के चिलवा गांव निवासी 40 वर्षीय रेनू की जहर खाने से मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। शुरुआती जांच के बाद मृतका की मां सुभद्रा देवी, निवासी बारानगर, ने गोला थाने में लिखित तहरीर देकर अपनी बेटी की मौत के लिए उसके पति 42 वर्षीय पप्पू यादव को जिम्मेदार ठहराया। तहरीर में आरोप लगाया गया कि रेनू को लगातार प्रताड़ित किया जाता था और दहेज को लेकर भी उस पर दबाव बनाया जाता था।
यहां भी पढ़ें: Gorakhpur News: पुरानी दुश्मनी का खौफनाक बदला, क्या हुआ था उस दिन
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोला पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85, 108 सहित दहेज उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश पांडेय ने बताया कि मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने चिलवां पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी पप्पू यादव को पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। यदि विवेचना के दौरान अन्य साक्ष्य या तथ्य सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
यहां भी पढ़ें: Gorakhpur: धारदार हथियार के हमले से जिंदगी की जंग हारा युवक, देर शाम गांव में क्यों मचा बवाल?
इस गिरफ्तारी के बाद मृतका के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। वहीं, क्षेत्र में इस कार्रवाई की चर्चा बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिलाओं के उत्पीड़न और संदिग्ध मौत से जुड़े मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 21 July 2026, 9:04 PM IST