Gorakhpur: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगे 15 हजार रुपये, खोराबार पुलिस ने लौटाई पूरी रकम

गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र में एडिटेड वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला से ठगे गए ₹15,140 साइबर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर वापस दिलाए। NCRP पर शिकायत के बाद बैंक समन्वय और कानूनी प्रक्रिया के जरिए पीड़िता को पूरी धनराशि लौटाई गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 7 August 2026, 5:47 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में ऑनलाइन धोखाधड़ी के जरिए लोगों को डराकर रुपये ऐंठने वाले साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में खोराबार पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। एडिटेड वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ठगी की गई ₹15,140 की पूरी रकम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को वापस करा दी। रकम वापस मिलने के बाद पीड़िता ने राहत की सांस ली।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ऐंठे रुपये

पुलिस के अनुसार, पीड़िता के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया था। फोन करने वाले ने पीड़िता को धमकाते हुए कहा कि उसकी एडिटेड वीडियो वायरल कर दी जाएगी। वीडियो सार्वजनिक नहीं करने के एवज में आरोपी ने उससे रुपये की मांग की। धमकी और दबाव में आकर पीड़िता ने बताए गए बैंक खाते में रकम भेज दी।

Gorakhpur: रिश्ता टूटने की कगार पर था, फिर दोनों ने भुलाए सारे गिले-शिकवे और दोबारा थामा एक-दूसरे का हाथ

NCRP पर शिकायत मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस

रुपये भेजने के बाद पीड़िता को साइबर ठगी का एहसास हुआ। उसने तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना खोराबार की साइबर सेल टीम सक्रिय हो गई और त्वरित कार्रवाई शुरू की गई।

कोर्ट की प्रक्रिया पूरी कर वापस कराई धनराशि

पुलिस टीम ने संबंधित बैंक खाते की जानकारी जुटाकर ठगी की रकम को समय रहते होल्ड कराया। इसके बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय के आदेश के आधार पर संबंधित बैंक से पत्राचार किया गया। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद पीड़िता के खाते में कुल ₹15,140 वापस करा दिए गए।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के फोन, मैसेज या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाली धमकी से घबराकर रुपये न भेजें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराएं, जिससे धनराशि को समय रहते होल्ड कराकर वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।

Gorakhpur: ससुराल में पत्नी-बेटी से मिलने आया था बलिराम, पोखरे में उतरते ही हुआ कुछ ऐसा कि मच गया हड़कंप

इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका

कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष खोराबार सुधांशु सिंह, महिला उपनिरीक्षक एवं साइबर नोडल श्रुति वर्मा, उपनिरीक्षक एवं साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी शिवम यादव तथा कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए बीर बहादुर सिंह यादव शामिल रहे।

खोराबार पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि साइबर अपराध में समय पर शिकायत करना बेहद महत्वपूर्ण है। रकम ट्रांसफर होने के तुरंत बाद शिकायत मिलने पर पुलिस और बैंकिंग तंत्र के समन्वय से ठगी की धनराशि को रोकने और पीड़ित को वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 August 2026, 5:47 PM IST