पैतृक जमीन बनी जंग का मैदान! दो सगे भाइयों के परिवार भिड़े, ईंट-पत्थर चले; कई लोग लहूलुहान

गोरखपुर के खजनी में पैतृक जमीन का विवाद ऐसा बढ़ा कि दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। ईंट-पत्थर चले, मारपीट हुई और कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 27 June 2026, 1:37 PM IST

Gorakhpur: खजनी थाना क्षेत्र के कटघर तिराहे पर शनिवार की भोर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पैतृक जमीन को लेकर दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट, ईंट-पत्थरबाजी और तोड़फोड़ हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और दोनों परिवार कार्रवाई की मांग लेकर खजनी थाने पहुंच गए।

ईंट-पत्थरों से गूंज उठा मोहल्ला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक जमकर मारपीट होती रही। हालात इतने बिगड़ गए कि आसपास के लोगों को बीच-बचाव करना पड़ा। घायल लोगों को इलाज के लिए भेजा गया। लक्ष्मी उपाध्याय के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि पुष्कर उपाध्याय का सिर फट गया और काफी खून बहने लगा। संपत्ति नाम होने के बाद बढ़ा विवाद

मयंक उपाध्याय और उनकी पत्नी लक्ष्मी उपाध्याय का आरोप है कि उनके पिता कैंसर से पीड़ित थे। बीमारी के दौरान उन्होंने ही उनकी सेवा की, जबकि दूसरे भाई मानस उपाध्याय और उनके परिवार ने कोई सहयोग नहीं किया। इसी वजह से पिता ने अपनी अचल संपत्ति लक्ष्मी उपाध्याय के नाम कर दी। उनका कहना है कि इसके बाद से ही उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। आरोप है कि शनिवार सुबह मानस उपाध्याय अपने परिवार के साथ पहुंचे और घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की।

कौन हैं IPS संदीप सिंह गिल जिन्होंने सुलझाई लोहागढ़ किले की मर्डर मिस्ट्री? कभी कॉलेज में थे अंग्रेजी के प्रोफेसर

दूसरे पक्ष ने भी लगाए पलटवार के आरोप

वहीं मानस उपाध्याय ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि उनका परिवार अपने घर पर मौजूद था। आरोप है कि पहले मयंक पक्ष के लोगों ने विवाद शुरू किया और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। जब उन्होंने बचाव किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई।

घायल पुष्कर उपाध्याय ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके चाचा मानस उपाध्याय, चाची साधना उपाध्याय और जेठानी मीरा उपाध्याय दीवार फांदकर घर में घुस आए और उनकी मां पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पर उनके सिर पर ईंट से वार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वासू उपाध्याय ने उनके पिता पर भी ईंट से हमला किया।

शोएब अख्तर के भाई के अंतिम संस्कार की तस्वीरें वायरल, लश्कर कनेक्शन पर सियासी बवाल

दोनों पक्षों की तहरीर पर होगी कार्रवाई

खजनी पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी घायलों का मेडिकल कराया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस की नजर बनी हुई है और इलाके में शांति बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 June 2026, 1:37 PM IST