
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Img: Dynamitre News)
Gorakhpur: पिपराइच थाना क्षेत्र के बरईपुर गांव में देर रात अराजक तत्वों द्वारा मंदिर में स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर खेत में फेंक दिए जाने की घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के मंदिर में वर्षों से स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिया। सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा अपने स्थान से गायब मिली। इसके बाद ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की तो मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में प्रतिमा के टूटे हुए हिस्से पड़े मिले। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और बड़ी संख्या में लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए।
रायबरेली में सर्राफा कारोबारी को गोली मारकर लूट, रात के अंधेरे में 3 बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मंदिर और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया तथा ग्रामीणों से बातचीत कर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा व्यक्त की गई आशंका के आधार पर गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज ने बताया कि मामले में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के बाद आरोपितों को जेल भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। वहीं प्रशासन की पहल पर ग्रामीणों की मौजूदगी में मंदिर में पुनः हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित करा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य संभावित पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पूरे गांव में फिलहाल शांति है, लेकिन लोगों में घटना को लेकर रोष व्याप्त है।
Location : Gorakhpur
Published : 19 June 2026, 1:13 PM IST