
100 साल पुराने पीपल के पेड़ को काटने की कोशिश
Gorakhpur: जिले के गगहा थाना क्षेत्र के नर्रे बुजुर्ग गांव में ग्रामसभा की भूमि पर खड़े करीब 100 वर्ष पुराने पीपल के पेड़ को चोरी-छिपे काटने की कोशिश का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते पेड़ की अवैध कटाई पूरी नहीं हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्रामसभा की भूमि पर स्थित यह पीपल का पेड़ कई पीढ़ियों से गांव की पहचान, धार्मिक आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक रहा है। आरोप है कि 29 जून की रात पड़ौली निवासी शहजादा पुत्र ताजमुल्ला ने चोरी-छिपे पेड़ कटवाने की कोशिश की।
Gorakhpur Case: आखिर 14 साल की बच्ची के साथ ऐसा क्या हुआ, उठाया खौफनाक कदम?
सोमवार सुबह गांव के कुछ लोग टहलने निकले तो उन्हें पेड़ की ओर से आरा मशीन चलने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि विशाल पीपल के तने की कटाई की जा रही है। ग्रामीणों को देखते ही वहां मौजूद मजदूर मौके से फरार हो गए, जबकि मुख्य आरोपी शहजादा वहीं मौजूद मिला। ग्रामीणों ने आरोपी को घेर लिया और तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर गगहा थाने ले गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटाई का पता नहीं चलता, तो गांव अपनी वर्षों पुरानी प्राकृतिक और धार्मिक धरोहर से हमेशा के लिए वंचित हो जाता।
Gorakhpur Violence: बालू विवाद में ऐसा क्या हुआ कि मां-बेटे पर टूट पड़ा पूरा परिवार?
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रामसभा की भूमि पर स्थित पुराने और संरक्षित वृक्षों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उनका कहना है कि ऐसे पेड़ केवल पर्यावरण के लिए ही नहीं, बल्कि सामाजिक और धार्मिक दृष्टि से भी अमूल्य धरोहर हैं। यदि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो भविष्य में भी इस तरह की घटनाएं दोहराई जा सकती हैं।
गगहा थाना प्रभारी राजकुमार सरोज ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Gorakhpur
Published : 30 June 2026, 5:01 PM IST