गोरखपुर में अपराधियों की उल्टी गिनती शुरू! डीआईजी-एसएसपी की बैठक में लिए गए बड़े फैसले

गोरखपुर में डीआईजी और एसएसपी की संयुक्त अध्यक्षता में हाईलेवल पुलिस बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमित गश्त, वाहन चेकिंग, जनता से संवाद और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 August 2026, 8:12 AM IST

Gorakhpur:  जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोरखपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिले की सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

सभी पुलिस अधिकारियों को दिए गए अहम निर्देश

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक अपराध, पुलिस अधीक्षक यातायात, सभी क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना प्रभारी, थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरतें और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

गश्त, चेकिंग और निगरानी होगी और सख्त

गोष्ठी के दौरान अधिकारियों ने लंबित मामलों के निस्तारण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों की सुरक्षा पर विस्तार से चर्चा की। थाना प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल अंकुश लगाया जा सके।

सावधान UP! आज 1 अगस्त से छाएंगे काले बादल, 6 दिनों तक आफत बनेगी बारिश, IMD ने जारी किया अलर्ट

संगठित अपराध और तस्करों पर रहेगा विशेष फोकस

डीआईजी और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध, अवैध हथियारों के कारोबार, मादक पदार्थों की तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने और दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

देवरिया में देर रात गोलियों की गूंज, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

जनता का विश्वास बढ़ाने पर जोर

बैठक में अधिकारियों से कहा गया कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में आम जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित किया जाए तथा उनकी शिकायतों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण किया जाए। पुलिस की कार्यशैली पारदर्शी, जवाबदेह और जनहित केंद्रित होनी चाहिए। अधिकारियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में यह स्पष्ट किया गया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान आगे भी पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगा।

Location :  Gorakhpur

Published :  1 August 2026, 8:12 AM IST