Gorakhpur News:लाठी-डंडों से किया था अधमरा, अब पहुंचे सलाखों के पीछे, चिलुआताल पुलिस का बड़ा एक्शन

गोरखपुर की चिलुआताल पुलिस ने पुरानी रंजिश में युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 15 जुलाई को देवीपुर टोला निवासी जयहिंद, नीलेश और ऋषि यादव ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था। पुलिस ने केस दर्ज कर तीनों को दबोचा और जेल भेज दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 July 2026, 7:53 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुरानी रंजिश में एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे जान से मारने का प्रयास किया था। घटना के बाद दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। आखिरकार सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक यह घटना 15 जुलाई की है। आरोप है कि जयहिन्द यादव उर्फ जयसिंह, निलेश यादव और ऋषि यादव ने वादी के भाई को घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष का आरोप था कि हमलावर उसे जान से मारने की नीयत से हमला करने पहुंचे थे। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर चिलुआताल थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें - Gorakhpur: दस साल पुराने मामले में आखिरकार मिला इंसाफ, दहेज हत्या के दोषी पति को मिली ये सजा

अपराधियों के लिए चलाया गया विशेष अभियान

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चिलुआताल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयहिन्द यादव उर्फ जयसिंह पुत्र राम समुझ यादव, निलेश यादव पुत्र राधेश्याम यादव तथा ऋषि यादव पुत्र दुबई यादव, निवासी देवीपुर टोला छोटा दुर्गापुर, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तीनों के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Gorakhpur: कारगिल योद्धाओं ने सुनाए रणभूमि के वो किस्से, जिन्हें सुनकर भर आईं आंखें

मामले की जांच जारी

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार शाह, कांस्टेबल कृष्ण कुमार सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल अमित कुमार यादव शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और हत्या, लूट, गैंगवार तथा अन्य गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  27 July 2026, 7:21 PM IST