Gorakhpur Child Labour: मिठाई की दुकान पर बाल श्रम का खुलासा, नाबालिग का ऐसे कराया रेस्क्यू

गोरखपुर जनपद में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित एक मिष्ठान की दुकान से बाल श्रम कर रहे नाबालिग बच्चे को मुक्त कराया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 26 May 2026, 7:47 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जनपद में बाल श्रम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित एक मिष्ठान की दुकान से बाल श्रम कर रहे नाबालिग बच्चे को मुक्त कराया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दुकान संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक अपराध के निर्देशन में थाना प्रभारी एएचटीयू अपनी टीम के साथ मंगलवार को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान टीम गुलरिहा थाना क्षेत्र में स्थित यादव मिष्ठान की दुकान पर पहुंची, जहां एक नाबालिग बच्चे से काम कराया जा रहा था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चे को वहां से रेस्क्यू कर अपने संरक्षण में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए एएचटीयू थाने लाया गया।

पुलिस द्वारा बालक से पूछताछ की गई, जिसमें बाल श्रम से जुड़े तथ्यों की पुष्टि होने के बाद स्थानीय थाना क्षेत्र में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने इस मामले में किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 79 तथा बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा संख्या 01/2026 पंजीकृत किया है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को सूचना दी। इसके बाद सिटी चाइल्ड लाइन गोरखपुर की टीम मौके पर पहुंची। संस्था की ओर से सुपरवाइजर नितेश ने नाबालिग बच्चे को अपने संरक्षण में लिया। बाद में बच्चे को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत करने और आवश्यक अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में बाल श्रम और मानव तस्करी जैसी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। यह कार्रवाई बाल श्रम उन्मूलन अभियान के तहत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  26 May 2026, 7:47 PM IST