ब्रह्मभोज के खर्च और संपत्ति विवाद ने लिया खूनी मोड़, भाई ने भाई को मारी गोली; इलाज के दौरान मौत

मां के ब्रह्मभोज के दौरान गोरखपुर के एक गांव में ऐसा विवाद हुआ जिसने पूरे इलाके को हिला दिया। परिवार के भीतर चल रही तनातनी अचानक हिंसा में बदल गई और कुछ ही पलों में सब कुछ बदल गया। आखिर किस बात ने दो सगे भाइयों को आमने-सामने ला खड़ा किया?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 June 2026, 6:43 PM IST
google-preferred

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक परिवार के लिए मां का ब्रह्मभोज ऐसा दिन बन गया, जिसे गांव वाले भी लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगलधूषण स्थित रेतवाहिया गांव में मंगलवार को ब्रह्मभोज के दौरान दो सगे भाइयों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी। गोली लगने से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में मां की आत्मा की शांति के लिए ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया था, वहीं कुछ ही देर बाद चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

खर्च और संपत्ति को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, मृतका कोमल के दो बेटे शुभम और दुर्विजय के बीच काफी समय से संपत्ति को लेकर मतभेद चल रहा था। मंगलवार को मां के ब्रह्मभोज के आयोजन में होने वाले खर्च को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई।परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान गुस्से में आए बड़े भाई दुर्विजय ने कथित रूप से हथियार निकाल लिया और छोटे भाई शुभम पर गोली चला दी।

Firing in Gorakhpur: पारिवारिक विवाद में खूनी जंग, भाई ने भाई को मारी गोली, गोरखपुर में हड़ंकप

सीने में लगी गोली, अस्पताल में तोड़ा दम

गोली सीधे शुभम के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद परिवार के लोग उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुभम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोगों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि मामूली विवाद इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी उसकी तलाश की जा रही है।

जिस शख्स को रेप केस में खुद भिजवाया था जेल, अब उसी के लिए टॉवर पर चढ़ गई महिला! ऐसा क्या हुआ?

एसपी नॉर्थ ने क्या कहा?

घटना के संबंध में एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि ब्रह्मभोज के दौरान महिलाओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद ने बाद में बड़ा रूप ले लिया और भाइयों के बीच संघर्ष हो गया। पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, सगे भाइयों के बीच हुई इस वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  9 June 2026, 5:39 PM IST

Advertisement