
सोते समय धारदार हथियार से किया ताबड़तोड़ हमला (Image Source: Dynamite News)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। बांसगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बलुआ में रविवार की देर रात एक हंसता-खेलता परिवार चंद पलों में तबाह हो गया। जिस घर में कल तक खुशियां थीं, वहां अब सिर्फ खून के धब्बे और चीख-पुकार बची है। पारिवारिक विवाद ने ऐसा खूनी रूप अख्तियार किया कि एक 16 वर्षीय किशोर पर अपने ही सगे बड़े भाई, भाभी और उनके 3 वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या करने का आरोप लगा है। मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और उनके तीन वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार की रात परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह अपने कमरों में सो रहे थे। तभी अचानक आधी रात को आरोपी छोटे भाई के सिर पर खून सवार हो गया। उसने घर में रखे एक बेहद धारदार हथियार से सोते हुए भाई अमित, भाभी रंजना और मासूम भतीजे रेयान पर हमला बोल दिया। हमला इतना अप्रत्याशित और घातक था कि तीनों को संभलने या शोर मचाने तक का मौका नहीं मिला। सुबह जब देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। जब भीतर का नजारा देखा गया, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
इस घटना में जिसने भी 3 साल के मासूम रेयान की मौत की खबर सुनी, उसकी रूह कांप गई। वह बच्चा जिसने अभी ठीक से दुनिया को देखना भी शुरू नहीं किया था, अपनों की ही नफरत का शिकार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि रेयान की किलकारियों से पूरा मोहल्ला गूंजता था, लेकिन अब वहां सिर्फ गहरा सन्नाटा और अपनों के आंसू हैं।
Deoria: UP रोडवेज कर्मियों की सूझबूझ से बची गर्भवती और नवजात की जान
वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है।
Deoria: शादी के एक माह बाद नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, सलेमपुर में मचा हड़कंप
पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों से मिली गोपनीय जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच पिछले कुछ समय से पैसों की तंगी और मोबाइल फोन के अत्यधिक इस्तेमाल को लेकर विवाद चल रहा था। बड़ा भाई अमित अक्सर छोटे भाई को गलत संगति छोड़ने और काम में हाथ बंटाने की सलाह देता था, जो आरोपी को बिल्कुल पसंद नहीं था। वारदात की शाम भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद आरोपी ने इस खौफनाक वारदात की साजिश रची। पुलिस अब आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य और किसी बाहरी व्यक्ति के उकसावे के एंगल से भी जांच कर रही है।
Location : Gorakhpur
Published : 22 June 2026, 7:44 AM IST