
छावनी में तब्दील हुआ GIMS अस्पताल (IMG: Dynamite News)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में बुधवार देर रात उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे आउटसोर्स कर्मचारियों और पुलिस के बीच टकराव की स्थिति बन गई। धरना समाप्त कराने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस टीम और प्रदर्शनकारी कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद माहौल पूरी तरह से गरमा गया।
धरने पर बैठे कर्मचारियों का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। कर्मचारियों के मुताबिक देर रात अचानक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और धरना समाप्त करने का दबाव बनाने लगी। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उन्हें जबरन हटाने की कोशिश की गई। इस दौरान महिला और पुरुष कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की होने का भी दावा किया गया।
धुएं से घिरा गोल्डन आई मॉल… ऑफिस में लगी आग, देखते ही देखते फैली लपटें; ग्रेटर नोएडा में हड़कंप
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कर्मचारियों और पुलिस के बीच कहासुनी तेज हो गई। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और धरना स्थल पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। कर्मचारियों का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद जिम्स अस्पताल परिसर में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। कई जगहों पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त फोर्स भी बुलानी पड़ी।
इस तनावपूर्ण स्थिति का असर अस्पताल की व्यवस्था पर भी पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, क्योंकि सामान्य सेवाएं प्रभावित हुईं। कुछ मरीजों को इलाज के लिए इंतजार करना पड़ा, जिससे अस्पताल में अफरा-तफरी जैसी स्थिति देखने को मिली। पुलिस ने काफी स्टाफ और नर्स को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी वजह से GIMS में भीड़ बेहद कम है। डॉक्टरों के नहीं होने की वजह से मरीज भटक रहे।
Location : Greater Noida
Published : 25 June 2026, 12:38 PM IST