
गाजीपुर में तेज रफ्तार TUV ने पिता-पुत्र को रौंदा (Img: Google)
Ghazipur: गाजीपुर में शाह चौकी टोल टैक्स के समीप एक तेज रफ्तार टीयूवी कार ने बाइक सवार पिता-पुत्र को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घायलों की पहचान 32 वर्षीय राहुल गुप्ता और उनके 70 वर्षीय पिता राजा राम गुप्ता के रूप में हुई है। दोनों शाह कस्बे के निवासी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में दसवां मील क्षेत्र में रह रहे थे।
घायल राहुल गुप्ता ने बताया कि वह अपने पिता के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे दसवां मील के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार टीयूवी कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहुल गुप्ता ने आरोप लगाया है कि यह टीयूवी कार उनके बड़े भाई सुशील कुमार की है। उन्होंने कहा कि परिवार में लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है। राहुल का यह भी कहना है कि वह अपने भाई की दुकान के सामने ही दुकान चला रहे थे, जिससे रंजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह मामला सड़क दुर्घटना है या इसके पीछे कोई साजिश, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस गाड़ी की पहचान और परिवारिक विवाद दोनों पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कुछ लोग इसे महज सड़क हादसा मान रहे हैं, जबकि परिवारिक आरोपों ने मामले को और उलझा दिया है। पुलिस की जांच पर अब सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
Location : Ghazipur
Published : 31 May 2026, 12:56 PM IST