Ghazipur: गाजीपुर में बड़ा एक्शन, 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने ऐसे दबोचा

गाजीपुर के सैदपुर में पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश नगीना बनवासी गिरफ्तार। पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगी और तलाशी के दौरान तमंचा भी बरामद किया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 July 2026, 3:27 PM IST

Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले की सैदपुर पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

सूचना पर की गई घेराबंदी

पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर थाना प्रभारी अनिल सिंह पुलिस टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 41/2026 में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश नगीना बनवासी सिकंदरपुर गांगी नदी स्थित बबुरहनी पुल की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया।

Ghazipur News: विनीत राय हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

चेतावनी पर पुलिस पर मारी गोली

क्षेत्राधिकारी सैदपुर रामकृष्ण तिवारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ कई मामले दर्ज

गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगीना बनवासी (49) पुत्र स्वर्गीय बुधई बनवासी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से भड़सर गांव, थाना बिरनो का रहने वाला है और वर्तमान में शेरमठ गांव, थाना करीमुद्दीनपुर में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। उसके खिलाफ दर्ज मामलों की विवेचना जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Ghazipur

Published :  2 July 2026, 3:27 PM IST