Kanpur Dehat News: महिला की कान की बाली छीनने वाले चार टप्पेबाज गिरफ्तार, बड़ी वारदात की फिराक में थे आरोपी

कानपुर देहात के सिकन्दरा में महिला से कान की बाली छीनने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बाली बेचकर मिले 7,450 रुपये, चार मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दोबारा बड़ी लूट की योजना बना रहे थे।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 10 September 2026, 5:58 PM IST

Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात की सिकन्दरा थाना पुलिस ने महिला से टप्पेबाजी कर कान की बाली छीनने की घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई बाली बेचकर मिले 7,450 रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दोबारा क्षेत्र में बड़ी लूट की वारदात की योजना बना रहे थे।

खुलासा के दौरान पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त 2026 की शाम करीब चार बजे सिकन्दरा कस्बे के बड़े चौराहे पर वीरेन्द्र कुमार की पत्नी से टप्पेबाजी कर कान की बाली छीन ली गई थी। इस मामले में वीरेन्द्र कुमार निवासी रजौली गोहनी, थाना अमराहट की तहरीर पर 22 अगस्त को सिकन्दरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

एक गलती और खाते से गायब हो गए करीब 6 लाख! कानपुर देहात पुलिस ने लौटाई पूरी रकम

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले इनपुट

जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 9 सितंबर को मानपुर पुल के पास सर्विस रोड से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफली (32), समीर (22), नईमुद्दीन (36) और रियाजुद्दीन उर्फ कल्ली (25) के रूप में हुई है। सभी आरोपी मूल रूप से हापुड़ और गाजियाबाद के रहने वाले हैं।

पुलिस की पूछताछ में हुआ टप्पेबाजी का खुलासा

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने महिला से छीनी गई कान की बाली एक राहगीर को 24 हजार रुपये में बेच दी थी। इसके बाद चारों ने छह-छह हजार रुपये आपस में बांट लिए थे। पुलिस के अनुसार बरामद 7,450 रुपये उसी रकम का बचा हुआ हिस्सा है, जबकि शेष पैसे खर्च हो चुके हैं।

लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे शातिर टप्पेबाज 

पुलिस का दावा है कि आरोपी दोबारा सिकन्दरा क्षेत्र में एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाकर पहुंचे थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें दबोच लिया गया।

यूपी पुलिस के सिपाही ने कानपुर देहात SP ऑफिस की छत से लगाई मौत की छलांग, पीछे छोड़े कई बडे सवाल

टप्पेबाजों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सैफली, नईमुद्दीन और रियाजुद्दीन उर्फ कल्ली के खिलाफ पहले से भी विभिन्न जिलों में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक सुधाकर सिंह के नेतृत्व में सिकन्दरा थाना पुलिस टीम ने अंजाम दिया और चारों शातिर टप्पेबाजों को गिरफ्तार किया गया।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  10 September 2026, 5:58 PM IST