
दो बच्चों कि तलाश जारी (IMG: pinterest)
Hamirpur: जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के परछछ गांव में रविवार दोपहर चंद्रावल नदी में नहाने गए एक महिला समेत चार बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। शोर सुनकर मौके पर मौजूद एक ग्रामीण ने महिला और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि दो बच्चे नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, बच्चों की तलाश के लिए SDRF टीम को भी बुलाया गया है।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे परछछ गांव निवासी 34 वर्षीय नीलम पत्नी कमलेश कुशवाहा गांव के ही चार बच्चों 10 वर्षीय अंश पुत्र जयसिंह कुशवाहा, 11 वर्षीय अंशिका उर्फ गिल्ली पुत्री कमलेश भुर्जी, आठ वर्षीय खुशी पुत्री कमलेश कुशवाहा और पांच वर्षीय ताशी पुत्री कमलेश कुशवाहा के साथ चंद्रावल नदी में नहाने गई थीं। नहाते समय अचानक सभी गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। महिला और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर वहां मौजूद एक ग्रामीण ने तत्काल पानी में उतरकर नीलम, ताशी और खुशी को बचा लिया। इसी दौरान अंश और अंशिका उर्फ गिल्ली तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए।
नाम-पता बदला, दूसरे के नाम पर पासपोर्ट बनवाया और पहुंच गया बैंकॉक; 4 साल बाद ऐसे पकड़ा गया आरोपी
दो बच्चों के बहने की जानकारी मिलते ही उनके परिजन और ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई, जिसके बाद एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह, सीओ राजकुमार पांडेय और मौदहा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नदी में बहे दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी। घटना के करीब चार घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका था। प्रशासन ने तलाश अभियान में मदद के लिए SDRF टीम को बुलाया है। घटना के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
एसडीएम मौदहा करनवीर सिंह ने बताया कि महिला समेत पांच लोग नदी में नहाने आए थे और सभी डूबने लगे। महिला और दो बच्चों को बचा लिया गया, जबकि अंश और अंशिका का अभी तक पता नहीं चल सका है। स्थानीय गोताखोर तलाश में जुटे हैं और SDRF टीम को भी बुलाया गया है।
Location : Hamirpur
Published : 20 September 2026, 7:47 PM IST