
शिकोहाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात
Firozabad: फिरोजाबाद के शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी उस वक्त दहल उठी जब एक डेढ़ साल के मासूम आरव को महज 27 सेकंड के भीतर बेरहमी से आठ बार जमीन पर पटककर मौत के घाट उतार दिया गया। यह कोई सामान्य हत्या नहीं थी, बल्कि गुस्से, जुनून और मानसिक विकृति से भरा हुआ वह अपराध था जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। वारदात के बाद जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया, उसने लोगों के दिल दहला दिए। अब इस मामले में आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक की पुलिस पूछताछ में नए-नए खुलासे सामने आ रहे हैं, जो इस जघन्य अपराध की परतें और गहरी कर रहे हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि हत्या के तुरंत बाद आरोपी के सिर से “खून का नशा” उतर गया था और उसे अपनी करतूत का अहसास होने लगा था। इसी दौरान वह बुरी तरह घबरा गया और मानसिक रूप से टूट गया। बताया जा रहा है कि कुछ घंटों तक उसके दिमाग में आत्महत्या के विचार चलते रहे। वह खुद की जान देने की योजना बनाने लगा था, लेकिन कुछ ही समय बाद उसने यह विचार छोड़ दिया और खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश में लग गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मासूम आरव के शव को घर के गेट पर फेंककर फरार हो गया था। लेकिन भागते वक्त उसका डर साफ झलक रहा था। वह मुख्य रास्तों से दूर रहकर सुनसान गलियों में छिपता फिर रहा था। उसे लगातार यह डर सता रहा था कि पुलिस उसे सीसीटीवी और चौराहों पर लगे कैमरों की मदद से पकड़ लेगी।
शिकोहाबाद हत्याकांड: प्लीज मेरी मदद कर दो…” हत्या के बाद आरोपी की मिन्नतें और 20 लाख का लालच वायरल
सूत्रों के अनुसार विराज उर्फ जितेंद्र कई घंटों तक शिकोहाबाद की तंग और सुनसान गलियों में भटकता रहा। वह हर कुछ देर में अपना ठिकाना बदल रहा था ताकि किसी की नजर में न आए। इस दौरान वह लगातार शहर से बाहर निकलने की योजना बनाता रहा। उसकी मानसिक स्थिति यह थी कि वह किसी भी हाल में पुलिस की गिरफ्त से दूर रह सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी सीधे भागने के बजाय चालाकी से रूट बदलकर फरार होना चाहता था। उसकी योजना थी कि वह शिकोहाबाद से एटा जाए और फिर वहां से बदायूं पहुंचकर छिप जाए। इसके लिए उसने रात होने का इंतजार किया ताकि बस स्टैंड और मुख्य चौराहों पर भीड़ कम हो और वह आसानी से निकल सके।
घटना के बाद यादव कॉलोनी में मातम के साथ-साथ भारी आक्रोश का माहौल है। मासूम आरव की हत्या के सीसीटीवी फुटेज ने लोगों के दिलों को झकझोर दिया है। स्थानीय लोग खुलकर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सोमवार को कॉलोनी के लोगों ने एकजुट होकर यह ऐलान किया कि वे आरोपी को सजा दिलाने के लिए अदालत में गवाही देने को भी तैयार हैं।
विवेचक इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुख्ता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट तैयार की जा रही है। घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज इस मामले का सबसे बड़ा सबूत है। इसके अलावा स्थानीय चश्मदीदों और घटना के बाद शव देखने वाले लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि अदालत में किसी तरह की कोई कमी न रह जाए।
यह दर्दनाक घटना शनिवार दोपहर की है, जब आरोपी विराज उर्फ जितेंद्र पाठक ने रिश्ते की भाभी रती से शादी की जिद पूरी न होने पर गुस्से में आकर उनके डेढ़ साल के बेटे आरव को बाहर टहलाने के बहाने ले गया। घर से लगभग 50 मीटर दूर सुनसान सड़क पर उसने बच्चे को महज 27 सेकंड में आठ बार जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसने पूरे मामले को और भी भयावह बना दिया।
Location : Firozabad
Published : 2 June 2026, 1:26 PM IST