Mainpuri Firing: मैनपुरी में जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला को मारी गोली

जनपद मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्लॉट पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक महिला को गोली मार दी गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 June 2026, 6:07 PM IST

Mainpuri: जनपद मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्लॉट पर निर्माण कार्य को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में एक महिला को गोली मार दी गई, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदली

बताया गया है कि किशनी के बिधूना चौराहे के पास एक प्लॉट पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने निर्माण कार्य का विरोध किया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दबंग पक्ष के लोगों ने महिला हेमलता के पैर में गोली मार दी।

घायल महिला जिला अस्पताल रेफर

गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही किशनी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया

घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

घायल महिला हेमलता ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य रोकने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद विपक्षी पक्ष के लोगों ने जानलेवा हमला कर गोली मार दी। वहीं पीड़िता के भाई ने भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

Location :  Mainpuri

Published :  2 June 2026, 6:01 PM IST