
समझौते के बहाने चौकी बुलाकर युवक से मारपीट का आरोप (Img- Dynamite News)
Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस पर एक युवक को समझौते के बहाने चौकी बुलाकर मारपीट करने और जबरन समझौता लिखवाने का गंभीर आरोप लगा है। घायल युवक का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। पीड़ित और उसके परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के उरदौली गांव निवासी सत्यप्रकाश (37) का राधानगर थाना क्षेत्र के नेवलापुर गांव में स्थित करीब सवा छह बिस्वा भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि विपक्षी उसकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है।
ये भी पढ़ें Fatehpur: समझौते के बाद बदले हालात, अपर जिलाधिकारी से निष्पक्ष जांच की मांग
सत्यप्रकाश ने बताया कि शनिवार को दो पुलिसकर्मी उसके घर पहुंचे और बातचीत के लिए जयराम नगर पुलिस चौकी चलने को कहा। वह अपनी पत्नी के साथ चौकी पहुंचा, जहां उसे अकेले कमरे के अंदर बुलाया गया। उसका आरोप है कि कमरे में पहले से विपक्षी पक्ष अपने वकील के साथ मौजूद था। अंदर जाते ही पुलिसकर्मियों ने कमरे का दरवाजा बंद कर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जमीन संबंधी कागजात पर जबरन समझौता लिखवा लिया। साथ ही तीन दिन के भीतर जमीन खाली न करने पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित के अनुसार, जब उसके साले उपेंद्र ने कथित घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और रिकॉर्ड किया गया वीडियो डिलीट कर दिया। इसके बाद घायल सत्यप्रकाश को उसकी पत्नी सरला जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया।
ये भी पढ़ें Fatehpur: मानदेय नहीं तो काम नहीं! जानिए कर्मचारियों के हड़ताल का FMD अभियान पर क्या पड़ा असर?
अस्पताल में भर्ती सत्यप्रकाश ने आरोप लगाया कि पुलिस उसे न्याय दिलाने के बजाय विपक्षी पक्ष का साथ दे रही है। वहीं, इस पूरे मामले में पुलिस का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Fatehpur
Published : 4 August 2026, 12:47 PM IST