‘पापा, साइकिल ठीक कराने जा रहा हूं’ कहकर निकला 11वीं का छात्र 4 दिन से लापता! बिलखते परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

साइकिल बनवाने की बात कहकर घर से निकला 11वीं का छात्र चार दिन बाद भी वापस नहीं लौटा। CCTV में वह साइकिल से जाते हुए तो दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद किस रास्ते पर गया, इसका सुराग नहीं मिल सका। खराब CCTV कैमरे अब पुलिस की जांच में बड़ी चुनौती बन रहे हैं।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 10 September 2026, 2:48 PM IST
google-preferred

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के राधानगर थाना क्षेत्र के साथरियांव गांव में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाला किशोर चार दिन से लापता है। योगेश कुमार 6 सितंबर 2026 की सुबह घर से साइकिल बनवाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने राधानगर थाने में प्रार्थना पत्र देकर गुमशुदगी दर्ज कराई है।

रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश

योगेश के पिता महेंद्र कुमार के मुताबिक, बेटे के घर नहीं लौटने पर परिवार ने पहले अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर जानकारी की गई, लेकिन कहीं से भी किशोर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद परिवार ने पुलिस से मदद मांगी और मामले की सूचना थाने में दी।

फतेहपुर जिला अस्पताल में इलाज को लेकर घमासान, डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप; अब होगी जांच?

CCTV में साइकिल से जाता दिखाई दिया किशोर

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने किशोर की तलाश शुरू कर दी। शुरुआती जांच में साथरियांव मार्ग पर साहू चक्की के पास से बाल मंदिर इंटर कॉलेज की ओर जाने वाले रास्ते पर लगे CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली गई। इसमें योगेश साइकिल से जाता हुआ दिखाई दिया। हालांकि इसके बाद बांदा-टांडा मार्ग पर वह किस दिशा में गया, इसका पता नहीं चल सका है।

खराब कैमरों ने बढ़ाई पुलिस की मुश्किल

पुलिस ने जयरामनगर चौराहे और आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि यहां लगे ज्यादातर कैमरे खराब हैं। ऐसे में किशोर की आगे की गतिविधियों को ट्रैक करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस अब उपलब्ध फुटेज और अन्य माध्यमों से योगेश की तलाश में जुटी है।

फतेहपुर में 5 ट्रक पकड़े गए, अंदर का नजारा देख मच गया हड़कंप

चार दिन बाद भी सुराग नहीं

किशोर के चार दिनों से लापता होने के कारण परिवार की चिंता लगातार बढ़ रही है। परिजन उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए हुए हैं। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि CCTV में आखिरी बार दिखाई देने के बाद योगेश किस दिशा में गया और उसके बाद उसके साथ क्या हुआ।

Location :  Fatehpur

Published :  10 September 2026, 2:48 PM IST

Related News

Advertisement