सड़क पर सूख रही मक्के की फसल पर अचानक चढ़ा दिया ट्रैक्टर, विरोध करने पर रात के अंधेरे में बुजुर्ग महिला के साथ जो हुआ…

फर्रुखाबाद के मेरापुर में मक्का सुखाने की पन्नी पर ट्रैक्टर चढ़ाने के विवाद में दबंगों ने 65 वर्षीय चमेली देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पूर्व में हुए समझौते के बाद भी आरोपियों ने रंजिश में हमला किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 19 June 2026, 10:33 AM IST

Farrukhabad: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के मेरापुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ महज सड़क पर मक्का सुखाने को लेकर उपजा विवाद इतना बढ़ गया कि दबंगों ने एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला चमेली देवी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद से पूरे गांव में तनाव और मातम का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

ट्रैक्टर चढ़ाने से शुरू हुआ था खूनी विवाद

यह पूरा विवाद मंगलवार को उस समय शुरू हुआ, जब मेरापुर के मजरा नगला खरैंना निवासी केदारपाल की मक्के की फसल सड़क पर प्लास्टिक की पन्नी पर सूख रही थी। इसी दौरान गांव के ही रहने वाले दबंग प्रमोद पाल ने जानबूझकर अपना ट्रैक्टर मक्के की फसल और पन्नी के ऊपर चढ़ा दिया, जिससे पन्नी पूरी तरह फट गई और फसल बर्बाद हो गई। जब केदारपाल ने इस बात का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी प्रमोद और मुकेश ने उनके साथ जमकर मारपीट की। हालांकि, बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप के चलते दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौता करा दिया गया था, लेकिन आरोपियों के मन में रंजिश बाकी थी।

रात के अंधेरे में हमला, मौके पर ही थमी सांसें

गुरुवार की रात केदारपाल अपनी पत्नी चमेली देवी के साथ घर के बाहर सूखी हुई मक्के की फसल को बोरियों में भर रहे थे। तभी अचानक घात लगाए मुकेश पाल अपने अन्य साथियों के साथ वहां आ धमका। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जब बुजुर्ग महिला चमेली देवी ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दबंगों ने उन पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। इस बर्बरता के कारण चमेली देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतका की बेटी रश्मि और पति का रो-रोकर बुरा हाल है।

Road Accident: गंगा एक्सप्रेसवे पर मौत की रफ्तार! 100 मीटर घिसटने के बाद पलटी डबल डेकर बस

गवाहों को धमकाने और पुलिसिया गश्त पर उठे सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि समझौता होने के बाद भी इलाके में तनाव बना हुआ था, लेकिन स्थानीय पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यदि पुलिस ने पहले हुई मारपीट के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ाई होती, तो इस बुजुर्ग महिला की जान बचाई जा सकती थी। सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद भागते समय आरोपियों ने मृतका के परिवार और चश्मदीदों को पुलिस के पास जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी है, जिसके बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा हुआ है।

राम मंदिर दान विवाद: एफआईआर से पहले हुई पूछताछ पर सवाल, नकदी के बाद जेवरातों के रिकॉर्ड की भी जांच

पुलिस बल तैनात, आरोपियों की तलाश तेज

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के भतीजे नरेंद्र पाल ने तुरंत 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पीआरवी की सूचना पर थाना पुलिस भारी बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। नरेंद्र पाल की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और दबंगों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Location :  Farrukhabad

Published :  19 June 2026, 10:02 AM IST