
इटावा में दर्दनाक हादसा (Img: Dynamite News)
Etawa: इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के नेशनल हाईवे पर ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ जिसने यात्रियों की रूह कंपा दी। रेलवे ओवरब्रिज पक्काबाग के पास आगरा से कानपुर जाने वाली लेन पर एक बस अचानक आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से में डंपर फंस गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बस से धुआं उठने लगा। डर के मारे यात्री जान बचाने के लिए बस से नीचे उतरने लगे। कई लोग सड़क किनारे खड़े होकर हालात समझने की कोशिश कर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रही डबल डेकर शताब्दी बस ने जोरदार टक्कर मार दी।
डबल डेकर बस की टक्कर इतनी तेज थी कि कई यात्री सड़क पर गिर पड़े और कुछ बस के नीचे दब गए। हाईवे पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार पहला हादसा सुबह करीब 4:10 बजे हुआ। बस संख्या यूपी 78 एचटी 2224 आगे चल रहे डंपर संख्या यूपी 75 एटी 4405 से टकरा गई थी। इसी बीच पीछे से आई डबल डेकर शताब्दी बस संख्या यूपी 78 एलटी 8496 ने नियंत्रण खोते हुए टक्कर मार दी।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी बस! डंपर से टकराते ही लगी ऐसी आग, जिंदा जला ड्राइवर
इस भीषण हादसे में कानपुर नगर के रावतपुर स्थित गणेश नगर निवासी सोहनलाल गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नोएडा के सेक्टर-93 निवासी विवेक मिश्रा ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में कानपुर नगर के बर्रा बाईपास निवासी शुभम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके दाहिने पैर में चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उन्हें कानपुर ले गए।
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी: पंजाब-हरियाणा में पारा 47 डिग्री के करीब, पहाड़ों पर भी ग्लोबल वार्मिंग की मार
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और राहत टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त बसों को हटवाया और यातायात सुचारु कराया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
Location : Etawah
Published : 22 May 2026, 9:00 AM IST