मंदिर में पुजारी को बांधा, चांदी का नाग-छत्र लूटा; पुलिस से भिड़े तो दो बदमाशों को लगी गोली!

बलिया के रसड़ा में मंदिरों में लूट और चोरी करने वाले गिरोह से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य गिरफ्तार किए गए। आरोपियों ने लखनेश्वर डीह मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर चांदी के नाग और छतरी की लूट की थी। गाजीपुर के मंदिर से मुकुट चोरी करने का मामला भी सामने आया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 November 2026, 11:54 AM IST

Ballia: बलिया में मंदिरों को निशाना बनाकर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। रसड़ा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस को देखते ही भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि उनके तीन अन्य साथियों को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों पर लखनेश्वर डीह मंदिर में पुजारी को बंधक बनाकर चांदी के नाग और छतरी की लूट करने का आरोप है।

आधी रात चेकिंग के दौरान आई इनोवा

पुलिस के अनुसार, छह नवंबर की रात करीब 12:50 बजे रसड़ा पुलिस लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय तेजी से भागने की कोशिश की। संदिग्ध वाहन को देखकर पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास इंतजाम, शिवपुर घाट पर मिलेंगी ये विशेष सुविधाएं

पूर्वी चंपारण के रहने वाले हैं सभी आरोपी

मुठभेड़ में घायल बदमाशों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पचपकड़ी थाना क्षेत्र के ढाका झिटकही निवासी जिशान आलम (42) और आदापुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया खुर्द निवासी चंद्रशेखर कुमार (38) के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया भेज दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इनके तीन अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है।

मंदिर लूटने वाले गिरोह का एनकाउंटर (IMG: Dynamite News)

पुजारी को बंधक बनाकर नाग और छतरी की थी लूट

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने लखनेश्वर डीह मंदिर में हुई लूट की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। उनके अनुसार, 30 अक्टूबर की रात गिरोह के सदस्य रसड़ा थाना क्षेत्र स्थित लखनेश्वर डीह शिव मंदिर पहुंचे थे। वहां उन्होंने मंदिर के पुजारी को डराया-धमकाया और उनके हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया था। इसके बाद बदमाश मंदिर में लगे चांदी के नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी लूटकर फरार हो गए थे।

मासूम की मौत के मामले में बड़ा एक्शन, बलिया में तीन शिक्षक पहुंचे सलाखों के पीछे

राधा-कृष्ण का मुकुट भी चुराया था

पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने बलिया के लखनेश्वर डीह मंदिर से पहले 11 अक्टूबर की रात गाजीपुर जिले के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर को निशाना बनाया था। यहां से बदमाशों ने राधा-कृष्ण की मूर्तियों का मुकुट चोरी किया था। पूछताछ में सामने आया कि गिरोह मंदिरों में रखे कीमती धातुओं और आभूषणों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए चांदी के सामान को आरोपियों ने गलाकर उसका रूप बदल दिया था, ताकि उसकी पहचान करना मुश्किल हो जाए।

कारतूस और चोरी के उपकरण बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस को करीब 300 ग्राम चांदी के अलावा दो अवैध तमंचे .315 बोर मिले हैं। इनके साथ दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने चोरी की वारदातों में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं। बरामद उपकरणों में एक लोहे की रॉड, एक प्लास, एक पेचकस और टेप शामिल हैं।

Location :  Bareilly

Published :  6 November 2026, 11:54 AM IST