DN Follow-Up: जोगियाबारी सड़क हादसे में मजदूर की मौत, ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में जोगियाबारी गांव के पास ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठे एक मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 June 2026, 8:04 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने मृतक के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

टक्कर के बाद मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को संभालने का प्रयास किया। दुर्घटना में एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति भी बुरी तरह जख्मी हो गया।

महराजगंज: प्रसूता की मौत मामला गरमाया, मदरहुड हॉस्पिटल की जांच सीएमओ को सौंपी गई

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। बताया जा रहा है कि मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और उसकी असमय मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

हादसे के बाद मृतक के पिता टिमकी ने कोल्हुई थाने में तहरीर देकर ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

महराजगंज नगर पुलिस चौकी प्रभारी, जखीरा, चिऊटहा, फरेंदा, समेत 8 लोग लाइन हाजिर, जानिए किसको मिली नई जिम्मेदारी

पुलिस ने शुरू की विवेचना

कोल्हुई थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  1 June 2026, 8:04 PM IST