हिंदी
धनबाद के एक इलाक़े में रात के समय एक सनसनीखेज घटना घटी। पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन सच अभी सामने नहीं आया है। जानिये आखिर क्या है मामला
धनबाद में हथियारबंद डकैती (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Dhanbad: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मिश्रीडीह मोड़ में बीती रात एक सनसनीखेज डकैती की वारदात सामने आई है। आर्मी से रिटायर हवलदार कैलाश प्रसाद मिश्रा के घर को नकाबपोश अपराधियों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, लगभग दस की संख्या में नकाबपोश अपराधी रात के समय घर के पिछले हिस्से से बांस की सीढ़ी का इस्तेमाल कर छत पर चढ़े और अंदर दाखिल हुए। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने सबसे पहले बच्चों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। बच्चों के सहम जाने से घर के अन्य सदस्य भी डर गए और विरोध करने की स्थिति में नहीं रहे।
इसके बाद अपराधियों ने पूरे घर की तलाशी ली और एक-एक कमरे को खंगाल डाला। अपराधियों ने लगभग साढ़े तीन लाख रुपये नकद और करीब बीस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने लूट लिए। इतना ही नहीं, सबूत मिटाने के लिए घर में लगे CCTV कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और DVR भी अपने साथ ले गए।
लाखों की लूट (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
गृहस्वामी कैलाश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि वे रात में खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे। उन्हें शक है कि बदमाशों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके कारण इतने बड़े अपराध के बावजूद उनकी नींद नहीं खुली।
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज डकैती के बाद पुलिस पूरी गंभीरता से जांच में जुटी है। अपराधियों की पहचान और पकड़ के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने घर के पास और घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
Jharkhand: धनबाद में रामनवमी के दौरान उपद्रव मचाने वालों पर पुलिस ने लिया ये बड़ा एक्शन
इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता में हैं और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।