रफ्तार की मार: हादसे में छिन गई परिवार की आखिरी उम्मीद! सब्जी विक्रेता की तड़पकर मौत

देवरिया के तरकुलवा में शनिवार सुबह घर लौट रहे 48 वर्षीय सब्जी विक्रेता को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज ले जाने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस अब अज्ञात वाहन और चालक की तलाश कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 October 2026, 4:03 PM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कोन्हवलिया गांव निवासी 48 वर्षीय सब्जी विक्रेता राजेश की सड़क हादसे में मौत हो गई। शनिवार सुबह चाय की दुकान से चाय पीकर घर लौटते समय सामने से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

टक्कर के बाद राजेश सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में जांच के बाद चिकित्सकों ने राजेश को मृत घोषित कर दिया।

सुबह-सुबह एक्शन में देवरिया पुलिस, गुड मॉर्निंग देवरिया से पार्कों से स्कूलों तक पुलिस की निगरानी

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलते ही तरकुलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे राजेश

राजेश सब्जी का व्यवसाय करते थे और इसी के जरिए पत्नी कमरावती देवी तथा दोनों बेटों राहुल और सुनील का भरण-पोषण करते थे। परिजनों के अनुसार, राजेश परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

Deoria News: देवरिया में खाकी पर लगा दाग, थाने की हवालात में गांजा तस्कर की संदिग्‍ध मौत से मचा बवाल

परिवार में मचा कोहराम

राजेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी कमरावती देवी और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद कोन्हवलिया गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Location :  Deoria

Published :  3 October 2026, 4:03 PM IST