
स्कूटी सवार युवक लाल बाबू यादव (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, महुआडीह थाना क्षेत्र के गोठा रसूल गांव निवासी लाल बाबू यादव, पुत्र रामवृक्ष यादव, रविवार दोपहर करीब तीन बजे महुआडीह चौराहे पर बाल कटवाने गए थे। काम खत्म होने के बाद वह स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में रामपुरगौनरिया अमारी गांव के बीच एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लाल बाबू सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायल युवक को देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल में मौजूद रिश्तेदारों और परिचितों की आंखें भी नम हो गईं।
Maharajranj: विकास विभाग और पंचायती राज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 5 BDO और 7 ADO पंचायत का तबादला
परिजनों के अनुसार, लाल बाबू यादव मुंबई की एक निजी कंपनी में वेल्डर के रूप में काम करते थे। वह करीब चार महीने पहले अपने गांव आए थे और परिवार के साथ समय बिता रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि घर लौटते वक्त एक सड़क हादसा उनकी जिंदगी छीन लेगा। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है।
घटना की सूचना मिलते ही महुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को अपने कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 5 July 2026, 8:10 PM IST